Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

कोहली ने दाढ़ी के इंश्योरेंस पर दिया जवाब, बोले- पॉपकॉर्न टाइम है

नई दिल्ली
दुनिया के स्टार क्रिकेटरों में शुमार टीम इंडिया के कैप्टन विराट कोहली अपने स्टाइल और फिटनेस के प्रति सजगता को लेकर हमेशा चर्चा में रहते हैं। फिलहाल उनकी दाढ़ी को लेकर सोशल मीडिया पर काफी बातें हो रही हैं। विराट के साथी और भारतीय क्रिकेटर लोकेश राहुल ने उनकी बियर्ड (दाढ़ी) को लेकर एक विडियो शेयर किया था।

विराट अपनी बियर्ड को लेकर युवाओं के बीच काफी फेमस हैं। कर्नाटक के लोकेश राहुल ने एक सीसीटीवी फुटेज शेयर करते हुए लिखा था कि कैप्टन ने अपनी दाढ़ी का इंश्योरेंस करवा लिया है। इसके बाद टीम इंडिया के अन्य कुछ क्रिकेटर्स ने भी इस पर चुटकी ली। स्पिनर युजवेंद्र चहल और उमेश यादव भी विराट की दाढ़ी के इंश्योरेंस पर मजे लेने में पीछे नहीं रहे।

आईपीएल-11 में किंग्स इलेवन पंजाब से खेले लोकेश के बाद अन्य साथी क्रिकेटरों के ट्वीट पर विराट ने अब जवाब दे दिया है। विराट ने युजवेंद्र चहल, उमेश और लोकेश राहुल को टैग करते हुए लिखा, 'मेरी बियर्ड को लेकर चर्चा हो रही है जो काफी मजेदार है। पॉपकॉर्न टाइम आ गया है दोस्तों।' विराट ने IPL-11 के दौरान दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि बियर्ड उनके चेहरे पर अच्छी लगती है, इसलिए वह इसे नहीं कटवाएंगे।

लोकेश राहुल ने जो CCTV फुटेज शेयर किया है उसमें विराट एक सोफे पर बैठे हुए हैं और उनके साथ दो लोग दिख रहे हैं। विडियो में एक शख्स जहां विराट से उनकी दाढ़ी को छूने के लिए कुछ पूछ रहा है, वहीं दूसरा शख्स विराट के फोटोज क्लिक कर रहा है। राहुल ने कैप्शन में लिखा, 'हाहा, विराट मुझे पता है, तुम्हें अपनी दाढ़ी से बहुत प्यार है लेकिन जब मुझे पता चला कि आप बियर्ड को इंश्योर्ड (बीमा) करा रहे हो, तो मेरी बात सही साबित हो गई।'