Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

अफगानिस्तान टेस्ट से शमी बाहर, इस गेंदबाज को मिली टीम में जगह

नई दिल्ली
टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी अफगानिस्तान के खिलाफ बेंगलुरु में होने वाले एकमात्र टेस्ट से बाहर हो गए हैं. बीसीसीआई की अखिल भारतीय सीनियर चयन समिति ने मोहम्मद शमी की जगह तेज गेंदबाज नवदीप सैनी को टीम में शामिल किया है.

बीसीसीआई के मुताबिक शमी बेंगलुरु की नेशनल क्रिकेट एकेडमी में हुए फिटनेस टेस्ट में फेल हो गए थे. जिसकी वजह से उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ इस ऐतिहासिक टेस्ट से बाहर होना पड़ा है.

14 जून से बेंगलुरु में होने वाले अफगानिस्तान के खिलाफ इकलौते टेस्ट के लिए भारतीय टीम में शामिल खिलाड़ियों का यो-यो टेस्ट 9 जून को हुआ था. आयरलैंड और इंग्लैंड के लिए घोषित वनडे और टी-20 टीम में शामिल कुछ अन्य खिलाड़ियों का फिटनेस टेस्ट 15 और 16 जून को होना है.

बीसीसीआई ने बयान में कहा, 'चयन समिति ने मोहम्मद शमी के स्थान पर नवदीप सैनी को अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच के लिए टीम में शामिल किया है. यह फैसला शमी के एनसीए में हुए फिटनेस टेस्ट में फेल होने के बाद लिया गया है.'

दिल्ली की ओर से 31 प्रथम श्रेणी मैच खेल चुके 25 साल के नवदीप ने 96 विकेट चटकाए हैं. इस बार आईपीएल के लिए हुई नीलामी में नवदीप को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 3 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन उन्हें एक भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला.