खेल डेस्क। जब इस समय फीफा विश्व कप चल रहा है तो लाजमी बात है कि फुटबॉल को पसंद करने वाले लोगों के बीच इसी खेली की चर्चा होगी। प्रशंसक अपनी-अपनी टीम की जीत का दावा करने लगे हैं। फिर भारतीय क्रिकेट टीम के फुटबॉल को पसंद करने वाले क्रिकेटर कैसे पीछे रह सकते हैं।
भारत की टी-20 और एक दिवसीय विश्व कप जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले युवराज सिंह फीफा विश्व कप में एक विशेष कारण से ब्राजील के स्थान पर फ्रांस को विश्व चैम्पियन के रूप में देखना चाहते हैं।
युवराज सिंह ब्राजील टीम को पसंद करते हैं, लेकिन मैनचेस्टर युनाइटेड के उनके पसंदीदा खिलाड़ी पॉल पोग्बा के कारण वह फ्रांस को विश्व चैम्पियन के रूप में देखना चाहते हैं।युवराज ने एक चैनल से कहा कि कुछ विश्व कप में मैं ब्राजील के साथ था, लेकिन इस विश्व कप में फ्रांस का समर्थन कर रहा हूं। इसका मुख्य कारण हैं पॉल पोग्बा हैं।
इस दौरान युवराज सिंह ने टीम इंडिया के खिलाडिय़ों के फुटबॉल कौशल पर भी टिप्पणी की। उन्होंने महेन्द्र सिंह धोनी को बेहतरीन फुटबॉलर करार दिया। उनकी नजर में धोनी बेहतरीन फुटबॉलर है।
वहीं युवराज ने टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली के बारे में कहा कि वह बहुत फिट है और तेजी से दौड़ सकता है, लेकिन विराट गोल नहीं कर सकता। उसके पास कौशल है, लेकिन फिनिशिंग नहीं है।
इसके अलावा युवी ने कहा कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंर हार्दिक पांड्या फुटबॉल के लिए नहीं बने हैं। रोहित शर्मा के बारे में युवराज ने कहा कि वह भयानक फुटबॉल खिलाड़ी है। वह बॉल पास कर देता है और जगह से हिलता भी नहीं है।
जबकि पूर्व तेज गेंदबाज आशीष नेहरा के बारे में युवी ने कहा कि नेहरा को तो फुटबॉल खेलना ही नहीं चाहिए। जब भी वह ये खेल खेलता है, चोटिल हो जाता है।