नई दिल्ली
ब्राजील टीम के कप्तान और स्टार खिलाड़ी नेमार अपनी चोट को लेकर काफी दिक्कतों में हैं। इसी के चलते गुरुवार को वो फीफा वर्ल्ड कप 2018 के ट्रेनिंग कैंप में ब्राजील की टीम से बाहर दिखे। आपको बता दें कि नेमार ने बताया था कि वो अभी 100 प्रतिशत फिट नहीं हैं, जिसके कारण वो ट्रेनिंग से बाहर रखे गए हैं। गौरतलब है कि PSG क्लब के स्टार स्ट्राइकर नेमार पैर की चोट से जूझ रहे हैं। पिछले रविवार को उन्होंने ब्राजील टीम के साथ पहले हफ्ती की ट्रेनिंग करने के बाद कहा था कि वो अभी पूरी तरह ठीक नहीं हुए हैं। हालांकि नेमार ने अनुमान लगाया था कि वो रूस में 14 जून से होने वाले वर्ल्ड कप से पहले पूरी तरह फिट होकर फील्ड पर नजर आएंगे। आपको बता दें कि फीफा वर्ल्ड कप से पहले इस रविवार को ब्राजील और क्रोशिया के बीच दोस्ताना मैच खेला जाएगा। यह मैच लिवरपूल में होगा। इस बात को लेकर अभी संशय है कि इस मैच में नेमार खेल पाएंगे कि नहीं। इस मैच के बाद 10 जून को ब्राजील ऑस्ट्रिया के साथ एक और दोस्ताना मैच खेलेगा।