सेंट पीटर्सबर्ग
मिस्र के स्टार खिलाड़ी मोहम्मद सलाह 19 जून को विश्व कप में मेजबान रूस के खिलाफ होने वाले मैच में खेलेंगे। लिवरपूल के इस स्ट्राइकर ने टीम के बेस ग्रोज्नी में शनिवार को ट्रेनिंग में पूरी तरह से हिस्सा लिया जिससे अनुमान है कि वह फिट हो गये हैं। मिस्र के फुटबॉल संघ के कार्यकारी निदेशक इहाब लेहेटा ने कहा, ‘‘उसकी हालत अब पहले से काफी बेहतर है। वह उरूग्वे के खिलाफ पहले मैच से बहुत निराश था। वह सोच रहा था कि अगर वह खेला होता तो टीम के लिये कुछ योगदान करता।’’ पिछले महीने चैम्पियंस लीग के फाइनल में उनका कंधा चोटिल हो गया था जिसके बाद से ही उसके फिट होने का इंतजार किया जा रहा है। उन्हें शुक्रवार को उरूग्वे के खिलाफ मिस्र के मुकाबले में स्थानापन्न खिलाड़ी के तौर पर भी इस्तेमाल नहीं किया गया उसी दिन उसका 26 वां जन्मदिन था।