भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा को कचरा फेंकने पर फटकार लगाना महंगा पड़ता हुआ नज़र आ रहा है. चलती कार से कचरा फेंकने को लेकर अनुष्का से डांट खाने वाले अरहान सिंह ने विराट कोहली और अनुष्का शर्मा को अब लीगल नोटिस भेज दिया है.
यह मामला उस समय का है जब विराट कोहली और अनुष्का शर्मा कही जा रहे थे. इस दौरान जब अनुष्का ने अरहान को कार से कचरा फेंकते हुए देखा तो उनकी कार रोक कर उन्हें सड़क पर कचरा फेंकने के लिए फटकार लगायी. इसका वीडियो विराट कोहली ने बना लिया जिसके बाद उसे सोशल मीडिया पर डाला.
विराट-अनुष्का को अरहान का नोटिस

विराट कोहली और अनुष्का शर्मा का फटकार लगाना अरहान को पसंद नही आया है. पहले सोशल मीडिया पर अनुष्का और विराट को क्रेजी करार देने वाले अरहान ने अब एक नोटिस तक दे डाला है. इससे पहले अरहान ने अपनी फेसबुक पोस्ट में लिखा
”मैंने मात्र एक वर्ग मिमी प्लास्टिक का टुकड़ा लापरवाही से सड़क पर फेंका. तभी पास से गुजरती हुई एक कार का शीशा नीचे होता है. जिसमें हमारी शानदार अभिनेत्री अनुष्का शर्मा किसी सड़क छाप व्यक्ति की तरह चीखती और चिल्लाती नजर आती हैं. मैं अपनी लापरवाही के लिए माफी मांगता हूं. लेकिन मिसेज अनुष्का शर्मा कोहली आपको अपनी बातचीत में कुछ सभ्यता और विनम्रता की ज़रूरत है. ऐसा करने से आप का स्टारडम कम नहीं हो जाएगा. बात करने के भी तमाम कायदे और स्वच्छता होती है और जुबानी तमीज उनमें से एक है. मेरी लग्जरी कार की खिड़की से भूलवश बाहर गया कचरा उस कचरे से कम ही था. जो आपकी लग्जरी कार की खिड़की के जरिए आपके मुंह से बाहर निकला.”
ये कहा था अनुष्का शर्मा ने

अनुष्का शर्मा ने अरहान से कहा
”आप सड़क पर कचरा क्यों फेंक रहे हैं ? आप प्लास्टिक की बोतल को सड़क पर क्यों फेंक रहे हैं ? आगे से ध्यान रखिए. तुम सड़क पर ऐसे प्लास्टिक की बोतल नहीं फेंक सकते. डस्टबिन का इस्तेमाल कीजिए”
The post कचरा फेंकने पर फटकार लगाने वाले विराट-अनुष्का को मिला अरहान का नोटिस appeared first on SportzWiki Hindi.