Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

अब श्रीलंकाई कप्तान चांदीमल पर साबित हुआ गेंद से छेड़छाड़ का दोष, मिली ये सजा

ग्रॉस आइलेट। अभी बॉल टेंपरिग विवाद के कारण लगे एक साल के प्रतिबंध के कारण अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ की वापसी भी नहीं हुई है उससे पहले ही इस विवाद में एक ओर कप्तान फंस गए हैं।

अब श्रीलंका के कप्तान दिनेश चांदीमल को गेंद के साथ छेड़छाड़ के कराण एक टेस्ट के लिए निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही श्रीलंकाई कप्तान पर दो डिमेरिट अंक और 100 फीसदी मैच फीस का जुर्माना लगाया गया है।

आईसीसी के इस निर्णय से जरुर श्रीलंका टीम को बड़ा झटका लगा होगा, क्योंकि इस निलंबन के कारण चांदीमल अब मेजबान वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के तीसरे और अंतिम टेस्ट में नहीं खेल पाएंगे।

मेहमान श्रीलंका वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में अभी 1-0 से पीछे हैं। पहले टेस्ट में मिली हार के बार उसे दूसरे टेस्ट में बारिश के कारण ड्रॉ के साथ संतोष करना पड़ा था।

आईसीसी ने दूसरे टेस्ट मैच के दौरान दिनेश चांदीमल पर गेंद से छेड़छाड़ करने के आरोप लगाए थे। मैदानी अम्पायरों अलीम डार और इयान गोल्ड तथा तीसरे अम्पायर रिचर्ड केटलबोरो ने चांदीमल पर गेंद की शक्ल बिगाडऩे का आरोप लगाया था।

हालांकि इसके बाद श्रीलंकाई कप्तान दिनेश चांदीमल ने आईसीसी के इन आरोपों को गलत बताते हुए खुद को निर्दोष करार दिया था। उनके समर्थन में श्रीलंकाई बोर्ड भी आया था।

आईसीसी एलीट पैनल के मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ ने वेस्टइंडीज और श्रीलंका के के बीच दूसरा टेस्ट मैच समाप्त होने के बाद गेंद से छेड़छाड़ मामले में सुनवाई की। जिसमें श्रीलंकाई कप्तान चांदीमल को दोषी माना गया।

मैच अधिकारियों ने विवाद से संबंधित टीवी फुटेज देखा। जिसमें पाया गया कि श्रीलंकाई कप्तान चांदीमल ने अपनी पॉकेट से कोई चीज निकली और उसे मुंह में रखा। उन्होंने फिर इस चीज को बॉल पर लगाया जिसे अम्पायरों ने गेंद की शक्ल बिगाडऩे के प्रयास के रूप में देखा।

गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीका में हुए बॉल टेंपरिंग विवाद के बाद स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर पर एक साल का प्रतिबंध लगाया गया था।