मैनचेस्टर
लंबे समय से महेंद्र सिंह धोनी को वनडे क्रिकेट में दुनिया का सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर बल्लेबाज माना जाता है, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान टिम पेन का मानना है कि इंग्लैंड के जोश बटलर मौजूदा समय में पूर्व भारतीय कप्तान से आगे निकल गए हैं. बटलर अभी शानदार फॉर्म में हैं और उन्होंने वनडे सीरीज में ऑस्ट्रेलिया पर इंग्लैंड की 5-0 की जीत में अहम भूमिका निभाई. रविवार को सीरीज के पांचवें मैच को उन्होंने नाबाद 110 रन की पारी खेलकर अकेले दम पर इंग्लैंड को जीत दिलाई.
बटलर ने इस सीरीज में शतकीय पारी के अलावा नाबाद 91 और नाबाद 54 रन की पारियों के बूते 275 रन बनाए. पेन खुद भी विकेटकीपर हैं और बटलर के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘वह अच्छा है, मौजूदा समय में बहुत अच्छा है. वह एकदिवसीय में दुनिया का सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर बल्लेबाज है. मुझे नहीं लगता है कि दुनिया में उसके स्तर का कोई दूसरा विकेटकीपर बल्लेबाज है.’
बटलर: इस साल मई की शुरुआत से उनकी पारियां-
- आईपीएल – 67, 51, 82, 95*, 94*, 39
- टेस्ट – 14, 67, 80*
- वनडे – 9, 91*, 11, 54*, 110*
- 14 पारियों में 10 फिफ्टी प्लस स्कोर
- 108.00. की औसत से 864 रन
पेन ने कहा, ‘धोनी भी अच्छे खिलाड़ी हैं, लेकिन मौजूदा समय में बटलर अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हैं. वह एकदिवसीय मैच को अच्छे से समझते हैं. उन्हें अपने मजबूत पक्ष के बारे में पता है.’ आईपीएल में खेलने के बाद बटलर के खेल में काफी बदलाव आया है. राजस्थान रॉयल्स टीम लिए उन्होंने आईपीएल में लगभग 600 रन बनाए थे.