नई दिल्ली
जम्मू-कश्मीर के चैन सिंह ने 18वें केएसएस मेमोरियल चैंपियनशिप में शनिवार को थ्री पोजिशन राइफल स्पर्धा का गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। वहीं 2012 लंदन ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले गगन नारंग को कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में खेली जा रही इस स्पर्धा में सिल्वर से संतोष करना पड़ा।
आर्मी के लिए खेलने वाले चैन सिंह ने टीम स्पर्धा में सुरेंद्र सिंह और सत्येंद्र सिंह के साथ मिलकर गोल्ड जीता। थ्री पोजिशन की एकल स्पर्धा में चैन सिंह ने 452.6 का स्कोर किया, वहीं एयर इंडिया के गगन चैन सिंह से 2.4 अंक पीछे रहे। चैन सिंह की टीम के साथी सुरेंद्र सिंह राठौर ने 438.3 का स्कोर कर ब्रॉन्ज जीता। टीम वर्ग में सुरेंद्र, चैन, सत्येंद्र की जोड़ी ने कुल 3473 का स्कोर किया। दूसरे स्थान पर मध्य प्रदेश के ऐश्वर्य सिंह, नवदीप राठौर और हर्षित की तिगड़ी रही जिन्होंने 3439 का स्कोर किया।
जूनियर (पुरुष) वर्ग में इसी स्पर्धा में अभय कुमार गोयल ने मध्यप्रदेश के आकाश पाटिदार को करीबी मुकाबले में मात देकर सोने का तमगा हासिल किया। अभय ने 442.7 का स्कोर किया तो वहीं आकाश ने 441.9 का स्कोर किया। गोवा के यश पाडलोस्कर ने 422.8 के स्कोर के साथ ब्रॉन्ज पर कब्जा जमाया।
महिला वर्ग में तमिलनाडु की गायत्री एन ने 453.3 का स्कोर किया। स्पर्धा का रजत गुजरात के नाम रहा। हरियाणा की सोनिका ने 439.5 का स्कोर कर ब्रॉन्ज अपने नाम किया। जीएफजी की निशनेबाज हेमा को एकल स्पर्धा में तो हार मिली लेकिन टीम स्पर्धा में उन्होंने लज्जा गोस्वामी और मिस्त्री गुंजन के साथ मिलकर गोल्ड मेडल हासिल किया। हरियाण की सोनिका, काजल सैनी और अदिति सिंह दूसरे स्थान पर रहीं। इन तीनों ने मिलकर 3411 का स्कोर किया। तीसरे स्थान पर महाराष्ट्र की टीम रही जिसने 3390 का स्कोर किया।
कॉमनवेल्थ गेम्स-2018 में ब्रॉन्ज जीतने वाले ओम प्रकाश मिथरवाल स्वर्ण पदक से चूक गए। उन्हें 241.8 के स्कोर के साथ रजत पदक से संतोष करना पड़ा। दीपक शर्मा .2 के अंतर से गोल्ड जीतने में सफल रहे। अभिषेक वर्मा ने 220.8 के स्कोर के साथ ब्रॉन्ज जीता।