कार्डिफ। जेसन रॉय (120) के शतक और कार्यवाहक कप्तान जोस बटलर (नाबाद 91) की अर्धशतकीय पारी की मदद से इंग्लैंड ने दूसरे वनडे मैच में विश्व चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया को 38 रन से शिकस्त दी। इसके साथ ही मेजबान टीम ने पांच मैचों की वनडे सीरीज में कंगारू टीम के खिलाफ 2-0 की बढ़त बना ली है।
जेसन रॉय और जोस बटलर की पारियों के दम पर इंग्लैंड ने पहले खेलते हुए दूसरे एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में आठ विकेट पर 342 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में शार्न मॉर्श की शतकीय पारी के बावजूद ऑस्ट्रेलिया टीम 47.1 ओवर में केवल 304 रन ही बना सकी।
मॉर्श ने अपनी 131 रन की शतकीय पारी में केवल 116 गेंदों का सामना करते हुए 10 चौके और तीन छक्के लगाए।कंगारू टीम की ओर से ग्लैन मैक्सवेल ने 31 और अगर ने 46 रन का योगदान दिया। मेजबान इंग्लैंड की ओर से लियाम प्लेंकेट ने सर्वाधिक चार विकेट हासिल किए। जबकि आदिल रसीद ने तीन और मोइन अली ने दो विकेट झटके।
इससे पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम अपने मुख्य तेज गेंदबाजी आक्रमण मिशेल स्टार्क, पैट कमिंस और जोस हेजलडवुड के बिना मैदान पर उतरी। इससे पहले एक साल पहले चैम्पियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में अन्तिम बार इंग्लैंड की ओर से खेलने वाले जेसन रॉय ने इस मैच में मिले मौके को हाथ से नहीं जाने दिया।
उन्होंने मौके का फायदा उठाते हुए 60वें वनडे में अपना 5वां शतक जमाया। उन्होंने अपना शतक पूरा करने के लिए 97 गेंदों का सामना किया जिसमें नौ चौके और दो छक्के शामिल थे। रॉय 108 गेंदों में 12 चौके और दो छक्के की सहायता से 120 रन बनाए। वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज जोश बटलर ने 70 गेंद में आठ चौके और दो छक्के से नाबाद 91 रन बनाए। जॉनी बेयरस्टो ने 42, एलेक्स हेल्स ने 26 और जो रूट ने 22 रन बनाए।