Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

भारतीय कप्तान छेत्री ने की मेसी की बराबरी

मुंबई। भारतीय टीम के कप्तान और करिश्माई फुटबॉल खिलाड़ी सुनील छेत्री ने रविवार को एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है।भारतीय फुटबॉल टीम के कप्तान और अनुभवी खिलाड़ी सुनील छेत्री ने रविवार को कीनिया के खिलाफ इंटरकांटिनेंटल कप के फाइनल में दो गोल कर अर्जेंटीना के महान फुटबॉल खिलाड़ी लियोनल मेसी के एक रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।

भारत के स्टार खिलाड़ी छेत्री ने मेसी के 64 गोल के रिकॉर्ड की बराबरी हासिल कर ली। छेत्री पूर्व भारतीय कप्तान बाईचुंग भूटिया के बाद 100 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले दूसरे इंडियन खिलाड़ी बने हैं। सुनील छेत्री प्रति मैच गोल करने की औसत के मामले में मेसी से बेहतर और वर्तमान के फुटबॉलरों में सबसे अच्छे हैं। सुनील का औसत 0.62 गोल प्रति मैच है जबकि मेसी का औसत 0.52 का है। पुर्तगान के क्रिस्टियानो रोनाल्डो का औसत प्रति मैच 0.54 गोल का है।

भारतीय खिलाड़ी सुनील छेत्री और अर्जेंटीना के लियोनल मेसी अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सक्रिय खिलाडिय़ों में सबसे ज्यादा गोल करने के मामले में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। इस मामले में पहले स्थान पर पुर्तगाल के सुपरस्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो हैं। उन्होंने 150 मैचों में 81 गोल अपने नाम किए हैं।

सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाडिय़ों की सूची में छेत्री और मेसी दोनों ही खिलाड़ी 21वें स्थान पर मौजूद हैं। उनसे पहले आईवोरी कोस्ट के दिदिएर ड्रोग्बा हैं। जिनके नाम 104 मैचों में 65 गोल हैं।

तैंतीस वर्ष के छेत्री का केन्या के खिलाफ खेला गया यह 102वां मैच था और इस मैच से पहले छेत्री के नाम 62 अंतरराष्ट्रीय गोल थे। उन्होंने रविवार को मैच के 8वें और फिर 29वें मिनट में गोल कर मेसी की बराबरी की। फाइनल मैच के बाद सुनील छेत्री से जब लियोनल मेस्सी से बराबरी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मेसी और रोनाल्डों से मेरी तुलना करना सही नहीं है।