Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

शरत कमल ने कार्लसन को हराया

नयी दिल्ली
भारत के अग्रणी पुरुष टेबल टेनिस खिलाड़ी अचंत शरत कमल ने सोमवार को अपना क्लास दिखाते हुए सिएट अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटेटे) लीग पावर्ड बाई केलॉग्स के दूसरे सीजन के दिल्ली चरण के अंतिम दिन अपने से काफी ऊंचे रैंकिंग वाले स्वीडिश खिलाड़ी मथायस कार्लसन को हरा दिया। त्यागराज स्टेडियम में वॉरियर्स टीटीसी के कप्तान और वर्ल्ड नम्बर-47 शरत कमल ने आरपी-एसजी मावेरिक्स के कप्तान कार्लसन को 2-1 (7-11, 11-10, 11-7) से हराकर अपनी टीम को 4-2 की बढ़त दिला दी। वर्ल्ड नम्बर-20 कार्लसन ने पहला गेम आसानी से 11-7 से जीत लिया लेकिन शरत कमल ने दूसरे गेम में शानदार संघर्ष किया और वापसी करते हुए 11-10 से जीत हासिल की। एक समय शरत कमल 4-8 से पीछे चल रहे थे लेकिन जल्द ही उन्होंने 8-8 की बराबरी कर ली। इसके बाद वह फिर पिछड़ गए लेकिन फिर उन्होंनें 10-10 की बराबरी करते हुए अंतिम अंक लेकर गेम अपने नाम किया। 

शरत कमल ने तीसरे गेम की शुरुआत 3-0 की बढ़त के साथ की और लगातार बढ़त बनाए रखी। कार्लसन ने उनके करीब आने और बराबरी हासिल करने की भरपूर कोशिश की लेकिन शरत कमल ने उन्हें कोई मौका नहीं किया और यह गेम 11-7 से अपने नाम करते हुए यादगार जीत हासिल की। दिन के पहले (महिला एकल) मुकाबले में मावेरिक्स की भारतीय स्टार अहिका मुखर्जी का सामना वॉरियर्स की दिग्गज सोफिया पोल्कानोवा से हुआ। वर्ल्ड नम्बर-124 अहिका ने वर्ल्ड नम्बर-18 आस्ट्रिया की पोल्कानोवा को कड़ी टक्कर दी लेकिन वह यह मुकाबला 1-2 (9-11, 11-6, 10-11) से हार गईं। दोनों टीमों का यह चौथा मुकाबला है। मावेरिक्स अब तक खेले गए तीन मुकाबलों से 37 अंक लेकर छह टीमों की तालिका में चौथे स्थान पर है जबकि वॉरियर्स के खाते में 27 अंक हैं और वह सबसे नीचे है। इसके बाद सभी टीमें कोलकाता का रुख करेंगी, जहां नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंडोर स्टेडियम में 26 से 28 जून तक अंतिम दौर के मुकाबले खेले जाएंगे। 29 और 30 जून को यहीं दो सेमीफाइनल मुकाबले होने हैं। फाइनल एक जुलाई को कोलकाता में ही खेला जाएगा।