डुनेडिन
न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर ब्रैंडन मैक्कलम ने कहा है कि भारत में साल 2016 में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आयोजन के दौरान वह ड्रग टेस्ट में पॉजिटिव नहीं पाये गये थे। न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान मैक्कलम ने कहा कि उन्हें अस्थमा की बीमारी है। उस समय दिल्ली में प्रदूषण अधिक होने के कारण उन्हें अपनी दवा की सामान्य खुराक से अधिक का सेवन करना पड़ा था। अधिक सेवन करने के कारण उनके मूत्र नमूने में 'सॉलबुटामोल' की मात्रा अधिक पाई गई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इन परिणामों के साथ मैक्कलम से संपर्क किया। इसके बाद, मैक्कलम ने इस मामले को बंद करने और अपना नाम साफ करने के लिए स्वीडन में स्वतंत्र चिकित्सा विशेषज्ञों के एक पैनल से एक चिकित्सीय उपयोग रिपोर्ट हासिल की। मैक्कलम ने कहा, "उन्हें हर प्रकार की जानकारी देने के लिए एक प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। हम इन सब चीजों से गुजरे और सब साफ होने से खुश हैं।"