लंदन
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने इंग्लैंड में अपने क्रिकेट करियर का सबसे शानदार और सबसे बुरा दौर देखा है लेकिन अब उनका लक्ष्य शुक्रवार से हेडिंग्ले में होने वाले दूसरे और आखिरी टेस्ट मैच जीत कर सीरीज को यादगार बनाने पर होगा। आमिर को उम्मीद है कि टीम दूसरा टेस्ट मैच जीतेगी जो उनकी ‘‘ सर्वश्रेष्ठ यादों ’’ में एक होगा।
आमिर ने लाड्र्स के मैदान पर खेले गए पहले टेस्ट मैच में पाकिस्तान की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने मैच की पहली पारी में एक और दूसरी पारी में चार विकेट लिये थे। पाकिस्तान ने यह मैच नौ विकेट से जीता था। आमिर ने 2010 में इंग्लैंड के खिलाफ लाड्र्स के मैदान पर छह विकेट लिए थे लेकिन स्पॉट फिक्सिग मामले में दोषी पाये जाने के बाद उन्हें जेल जाना पड़ा था और उन पर पांच साल का प्रतिबंध लगा था।
आमिर ने कहा , ‘‘ अगर हम यह मैच जीतते है तो मुझ लगेगा कि यह मेरी जिंदगी का सर्वश्रेष्ठ क्षण होगा। ’’ पाकिस्तान की टीम में चोटिल बाबर आजम की जगह फखर जमां को शामिल किया गया है। इंग्लैंड ने मार्क स्टोनमैन की जगह सलामी बल्लेबाज किटोन जेनिंग्स को टीम में शामिल किया है। स्टोनमैन ने पहले टेस्ट की दोनों पारियों में महज 13 रन बनाए थे। बेन स्टोक्स की मांसपेशियों मे खिचाव है और एहतियात के तौर पर सैम कुर्रेन को टीम में शामिल किया गया है जिन्होंने अभी एक भी टेस्ट मैच नहीं खेला है।