Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

फीफा विश्व कप के उद्घाटन समारोह में इन्होंने जीता दर्शकों का दिल

खेल डेस्क। फुटबॉल के महाकुंभ फीफा विश्व कप के 21वें संस्करण का रंगारंग आगाज गुरुवार रात मॉस्को के लुज्निकी स्टेडियम में हुआ। अस्सी हजार दर्शकों की क्षमता वाले इस स्टेडियम पर 30 मिनट का रंगारंग उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और फीफा प्रमुख जियानी इनफांतिनो ने फीफा विश्व कप की शुरुआत की औपचारिक घोषणा की।सबसे पहले स्पेन के पूर्व कप्तान इकर कासिलास और मॉडल नतालिया वोडियानोवा ने विश्व कप ट्रॉफी को लेकर मैदान में प्रवेश किया। इसके बाद ब्राजील के पूर्व कप्तान रोनाल्डो ने समारोह का आगाज किया।

समारोह में ब्रिटेन के रॉक म्यूजिक स्टार रॉबी विलियम्स और रूस की एडा गरिफुलिना ने अपनी मनमोहक प्रस्तुती से दर्शकों का दिल जीता। ब्रिटिश गायक रॉबी विलियम्स ने ;आय नो नामक गाने से समारोह की शुरुआत की। उनके बाद रूस की गायिका गरिफुलिना ने अपनी प्रस्तुति से मैदान पर मौजूद दर्शकों का मनोरंजन किया।

दोनों गायकों की प्रस्तुति के बाद मैच की आधिकारिक गेंद को लेकर मॉडल विक्टोरिया लोपरेया मैदान में आई। रोनाल्डो ने विश्व कप के शुभंकर जाबिवाका के साथ मिलकर कुछ देर फुटबॉल खेली। उद्घाटन समारोह में रूसी संगीतकार प्योत्र चाइकोवस्की की धुन पर पूरा स्टेडियम ;रशिया रशिया से गूंजायमान हो उठा था।

गौरतलब है कि रूस के 12 स्टेडियम में विश्व कप के मैच खेले जाएंगे। 32 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में 32 टीमें खिताब के लिए एक दूसरे से जंग करेंगी। पहली बार फीफा विश्व कप के एक संस्करण के मैच दो महाद्वीपों में खेले जाएंगे। इसके मैच यूरोप और एशिया महाद्वीप में खेले जाएंगे।

उद्घाटन समारोह के बाद आयोजित विश्व कप के पहले मैच में मेजबान रूस ने धमाकेदार शुरुआत करते हुए सउदी अरब को 5-0 से शिकस्त दी। इस मैच में रूस ने पहले हाफ में दो और दूसरे हाफ में तीन गोल किए। टूर्नामेंट का पहला गोल 12वें मिनट में यूरी गाजिंस्की ने दागा। डेनिस चेरिशेव ने दो गोल किए। जबकि अर्तेम ज्यूबा और अलेक्जेंडर गोलोविन ने भी एक-एक गोल किया।