नई दिल्ली
शिव थापा (60 किग्रा) और सलमान शेख (52 किग्रा) ने शानदार जीत दर्ज कर आज मंगोलिया में चल रहे उलनबटोर कप टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। तीन बार के एशियाई पदकधरी शिव ने स्थानीय मुक्केबाज ओयुनबिलेग मुंखसैखन को शिकस्त दी जबकि सलमान ने दो दौर में ही कोरिया के यंग सिक बाई की चुनौती को पस्त कर दी।
दोनों मुक्केबाज पदक हासिल करने से केवल एक जीत दूर है। शिव का सामना किर्गीस्तान के रावशानबेक से होगा जबकि सलमान की भिड़ंत अंतिम आठ में स्थानीय प्रबल दावेदार गानखुयाग गान इरडेने से होगी। सलमान ने भारत के लिये दिन की शुरूआत की , वह घंटी बजते ही आक्रामक हो गये थे और उन्होंने तेज पंच लगाकर कोरियाई मुक्केबाज के आक्रमण को पस्त कर दिया।
दूसरे दौर में भी यही हाल रहा जिससे जजों ने सर्वसम्मति से नतीजा भारतीय मुक्केबाज के नाम कर दिया। शिव ने अपने पारंपरिक तरीके से शुरूआत की और धीरे धीरे लय बनायी। असम के इस मुक्केबाज ने जल्द ही अपने प्रतिद्वंद्वी पर बढ़त बना ली। अंतिम तीन मिनट में वह काफी आक्रामक रहे।