Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

तीरंदाजी वर्ल्ड कप में झारखंड की दीपिका ने जीता गोल्ड, सीएम रघुवर दास ने दी बधाई

लाइव सिटीज डेस्क : भारतीय तीरंदाज और रांची की रहने वाली दीपिका कुमारी ने अमेरिका के साल्ट लेक में चल रही तीरंदाजी विश्वकप में गोल्ड जीता है. भारतीय तीरंदाज दीपिका कुमारी ने खराब फॉर्म से उबरकर रविवार को यहां वर्ल्ड कप (तीसरा चरण) में महिला रिकर्व में स्वर्ण पदक जीता. दीपिका ने फाइनल में जर्मनी की मिशेली क्रोपेन को 7-3 से हराया और इस तरह से 6 साल बाद वर्ल्ड कप में स्वर्ण पदक अपने नाम किया.

4 बार की रजत पदक विजेता

वर्ल्ड कप फाइनल में 4 बार की रजत पदक विजेता (2011, 2012, 2013 और 2015) ने इस जीत से तुर्की के सैमसन में होने वाले तीरंदाजी वर्ल्ड कप फाइनल के लिए स्वत: ही क्वॉलिफाइ कर लिया. सत्र की आखिरी प्रतियोगिता में वह 7वीं बार देश का प्रतिनिधित्व करेंगी. दीपिका ने इससे पहले अंताल्या में 2012 में खिताबी जीत हासिल की थी. उन्होंने कहा, ‘जब मैंने यह स्वर्ण पदक जीता, तो मैंने यही कहा आखिरकार मैं सफल रही.’

भारतीय खिलाड़ी ने संभावित 30 अंकों में से 29 अंक बनाकर शुरुआत की और 2-0 की बढ़त बना ली. उन्होंने इसके बाद क्रोपेन के साथ अंक बांटे. जर्मन खिलाड़ी ने तीसरा सेट जीतकर मैच 3-3 से बराबर कर दिया. दीपिका ने इसके बाद 29 और 27 के स्कोर पर चौथा और 5वां सेट जीता. इस बीच क्रोपेन का स्कोर 26 रहा. इस तरह से भारतीय खिलाड़ी ने 7-3 से मैच अपने नाम किया.

दीपिका ने कहा, ‘मैं दोहरा रही थी कि अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करो. अपने खेल का लुत्फ उठाओ और जीत या हार को भूल जाओ.’ चीनी ताइपै की तान या तिंग ने महिला रिकर्व का कांस्य पदक जीता. दीपिका को हालांकि रिकर्व मिश्रित युगल में निराशा हाथ लगी. उनकी और अतनु दास की जोड़ी कांस्य पदक के प्लेऑफ मैच में चीनी ताइपै की तांग चीह चुन और तान या तिंग से 4-5 से हार गई.

सीएम रघुवर दास ने दी बधाई

झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने ट्विटर पर लिखा कि अमेरिका की साल्टलेक सिटी में आयोजित तीरंदाजी वर्ल्ड कप में स्वर्ण पदक जीतने वाली झारखंड की बिटिया दीपिका कुमारी को बहुत-बहुत बधाई. आपने झारखंड ही नहीं बल्कि दुनि‍याभर में देश का गौरव बढ़ाया है. पूरे हिंदुस्तान को आप पर गर्व है. आप यूं ही देश का नाम रोशन करती रहें.

विश्वकप में गोल्ड जीतने के बाद दीपिका की कोच पूर्णिमा महतो ने कहा कि उनके इस परफॉर्मेंस के बाद खुशी है. झारखंड सरकार महंगे धनुष मुहैया करा रही है, पर उन्हें खिलाड़ियों के जॉब को लेकर भी ध्यान देना चाहिए. जॉब नहीं मिलने पर कई अच्छे खिलाड़ी दूसरे राज्यों का रूख कर लेते हैं.

The post तीरंदाजी वर्ल्ड कप में झारखंड की दीपिका ने जीता गोल्ड, सीएम रघुवर दास ने दी बधाई appeared first on Live Cities.