Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

ब्रिटिश दौरे पर भारत-ए की विजयी शुरुआत

लीड्स। पृथ्वी शॉ (70), कप्तान श्रेयस अय्यर (54) और इशान किशन (50) की अर्धशतकीय पारियों के बाद राजस्थान के दीपक चाहर (48 रन पर तीन विकेट) की कातिलाना गेंदबाजी के दम पर भारत-ए ने इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड एकादश को 125 रन से शिकस्त देकर ब्रिटेन के अपने दौरे की शानदार शुरुआत की।

मैच में अंडर-19 विश्व चैम्पियन टीम के कप्तान पृथ्वी शॉ ने 61 गेंदों पर 70 रन, श्रेय्यर अय्यर ने 45 गेंदों पर 54 रन और विकेट कीपर बल्लेबाज इशान किशन ने 46 गेंदों पर 50 रन का योगदान दिया। इससे भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 328 रन का पहाडऩुमा स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही।

इसके बाद दीपक चाहर के नेतृत्व में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारतीय टीम ने ईसीबी एकादश को 36.5 ओवर में केवल 203 रन पर ही ऑल आउट कर दिया। इंडियन प्रीमियर लीग के 11वें संस्करण में चेन्नई सुपर किंग्स को चैम्पियन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले दीपक चाहर ने गेंदबाजों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 48 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।

रविवार को खेले गए इस मैच में ईसीबी ने टॉस जीतकर पहले पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल चार रन बनाने के बाद ही पवेलियन लौट गए। इसके बाद पृथ्वी शॉ ने हनुमा विहारी के साथ दूसरे विकेट के लिए 84 रन की साझेदारी की। विहारी ने 38 रन का योगदान दिया।

पृथ्वी शॉ टीम के 127 रन के योग पर आउट हुए। उन्होंने अपनी 70 रन की पारी में 61 गेंदों का सामना करते हुए सात चौके और तीन छक्के लगाए। अभी टीम के स्कोर में एक रन ही जुड़ा था कि हनुमा विहारी भी आउट होकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद पांचवें विकेट के लिए अय्यर और किशन ने 99 रन की साझेदारी की।

इशान किशन ने चार चौके और दो छक्के लगाए। कृणाल पंड्या (34) और अक्षर पटेल (नाबाद 28) ने भी डेथ ओवरों में भारतीय टीम के लिए उपयोगी योगदान दिया। इंग्लैंड की ओर बेन स्लैटर ने 37), विल जैक ने 28 और मैट क्रिटचले ने सर्वाधिक 40 रन बनाए।