भुवनेश्वर
नवंबर में होने वाले पुरूष विश्व कप की तैयारियों का जायजा लेने के लिए अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) की प्रतियोगिता निदेशक गैब्रिएल वान ज्वीतन दो दिन के दौरे पर आज यहां पहुंचीं। हॉकी इंडिया के अधिकारियों के साथ आई ग्रैबिएल ने कार्य प्रगति पर चर्चा के लिए युवा सेवा एवं खेल विभाग के आयुक्त सह सचिव विशाल के देव और ओडिशा सरकार के विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत बैठकें की। वह साथ ही विश्व कप आयोजन से जुड़ी कार्यकारी समिति की पांचवीं बैठक में भी शामिल हुईं जिसकी अध्यक्षता ओडिशा सरकार के मुख्य सचिव एवं मुख्य विकास आयुक्त आदित्य प्रसाद पाधी ने की। ग्रैबिएल अंतरराष्ट्रीय टीमों की मेजबानी की तैयारी का जायजा लेने के लिए कल बाकी प्रतिष्ठानों का दौरा करेंगी। उन्होंने कहा कि मैं कलिंग स्टेडियम में कार्य प्रगति से खुश हूं और मुझे पूरा यकीन है कि आयोजन स्थल तय समय में तैयार हो जाएगा।
ग्रैबिएल ने कहा कि ओडिशा सरकार एवं हॉकी इंडिया की कोशिशें और तैयारी में कोई कसर ना छोड़ना उल्लेखनीय है और मुझे यकीन है कि हॉकी जगत इस नवंबर में एक शानदार आयोजन का साक्षी बनेगा। विश्व कप में कुल 36 मैच खेले जाएंगे और उसका उद्घाटन विश्व की तीसरे नंबर की टीम बेल्जियम एवं 11 वें नंबर की टीम कनाडा के बीच 28 नवंबर को खेले जाने वाले मैच से होगा। भारत इसी दिन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले के साथ प्रतियोगिता में अपने अभियान की शुरूआत करेगा।