लीसेस्टर। सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल (151), पृथ्वी शॉ (132) और शुभमन गिल (86) की विस्फोटक पारियों के दम पर दूसरे अभ्यास मैच में भारत ए ने लीसेस्टरशर को 281 रन से शिकस्त दी।
भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 458 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में लीसेस्टरशर की टीम 40.4 ओवर में 177 रन ही बना सकी।
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज करने उतरी भारतीय टीम ने मयंक अग्रवाल (151), पृथ्वी शॉ (132) और शुभमन गिल (86) की तूफानी पारियों की मदद से निर्धारित पचास ओवर में 458 रन का पहाड़ सा स्कोर खड़ा किया।
अब चयन से पहले ही होगा भारतीय टीम का फिटनेस टेस्ट
हालांकि भारत ए टीम लिस्ट ए में सर्वाधिक स्कोर का विश्व रिकॉर्ड तोडऩे से चूक गई। लिस्ट ए में सर्वाधिक स्कोर का विश्व रिकॉर्ड सर्रे के नाम है, उसने ग्लूसेस्टरशर के खिलाफ वनडे चैम्पियनशिप में 496 रन बनाए थे।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते उतरी भारतीय टीम को अंडर-19 विश्व चैम्पियन टीम के कप्तान रहे पृथ्वी शॉ और मयंक अग्रवाल ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 26 ओवर में 221 रन की साझेदारी की।
पृथ्वी शॉ ने अपनी शतकीय पारी के दौरान केवल 90 गेंदों का सामना किया। इस दौरान उन्होंने 20 चौके और तीन छक्के लगाए। जबकि मयंक अग्रवाल ने अपनी पारी में 106 गेंदों का सामना करते हुए 18 चौके और पांच छक्के लगाए। अग्रवाल 151 रन बनाने के बाद रिटायर हर्ट हुए।
इंग्लैंड के रिकॉर्ड स्कोर के नीचे दबा ऑस्ट्रेलिया, 242 रन से मिली शिकस्त
वहीं अंडर-19 विश्व कप के एक अन्य स्टार खिलाड़ी शुभमन गिल ने 54 गेंदों पर सात चौके और पांच छक्कों की सहायता से 86 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। विकेटकीपर रिषभ पंत कोई कमाल नहीं दिखा सके और वह केवल 12 रन बनाकर ही आउट हुए।
जबकि दीपक हूडा ने 25 गेंदों पर 38 रन का योगदान दिया। कप्तान श्रेयस अय्यर 15 रन पर आउट हुए। लीसेस्टरशर की ओर से कप्तान टॉम वेल्स ने सर्वाधिक 62 रन बनाए।
पहले अभ्यास मैच में भी भारत ए ने इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड एकादश को 125 रन से हराया था। भारत-ए 22 जून से त्रिकोणीय वनडे शृंखला खेलेगी।