लंदन। लाल बजरी के बादशाह स्पेन के राफेल नडाल अगले सप्ताह क्वींस क्लब में होने वाले विम्बलडन अभ्यास टूर्नामेंट में नहीं खेलेंगे।विश्व नम्बर वन राफेल नडाल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि वह थकान के कारण विम्बलडन अभियान में शुरूआती चरण से बाहर हो सकते हैं, इसलिए उन्होंने इस अभ्यास टूर्नामेंट से ब्रेक लेने का फैसला किया है। उन्होंने रविवार को लाल बजरी पर हुए फाइनल में डोमिनिक थिएम को हराकर 11वां फे्रंच ओपन खिताब अपने नाम किया है।
गत चैंपियन नडाल का यह करियर का 17वां ग्रैंडस्लैम खिताब है। 11वीं फे्रंच ओपन जीत के साथ ही नडाल ने किसी एक ग्रैंडस्लैम में सर्वाधिक खिताब के मारग्रेट कोर्ट के कीर्तिमान की भी बराबरी कर ली। मारग्रेट ने 1960 से 1973 के बीच ऑस्ट्रेलिया ओपन में यह उपलब्धि प्राप्त की थी। फे्रंच ओपन खिताब जीतन के बाद राफा के नाम से मशहूर नडाल ने विम्बलडन अभ्यास टूर्नामेंट से बाहर होने का संकेत दिया था।
यह 32 वर्षीय नडाल ने इस संबंध में अपनी मेडिकल टीम से भी सलाह मश्विरा किया। उन्होंने इस बात की पुष्टि की कि वह इस साल क्वींस क्लब में होने वाली फीवर ट्री चैम्पियनशिप में भाग नहीं लेंगे। नडाल ने पिछले दो महीनों में क्ले कोर्ट पर 27 मैच खेले हैं और इस कारण उन पर थकान का असर देखा जा सकता है।
टूर्नामेंट के आयोजकों के अनुसार, नडाल ने कहा कि क्वींस एक शानदार प्रतियोगिता है, मेरी यहां 2008 में खिताब जीतने की शानदार यादें हैं और मैं इस साल भी खिताब जीतना चाहता था, लेकिन क्ले कोर्ट सत्र इन दो महीनों में मेरे लिए लंबा रहा। फे्रंच ओपन चैम्पियन नडाल ने कहा कि मैं टूर्नामेंट के आयोजकों से माफी मांगना चाहूंगा। यह लगातार तीसरा वर्ष है जब दुनिया के नम्बर वन टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल ने टूर्नामेंट में प्रवेश किया, लेकिन इसके शुरू होने से पहले इससे हटने का निर्णय किया।