Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को एक और बड़ा झटका, CEO ने की इस्तीफे की घोषणा

सिडनी
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी जेम्स सदरलैंड ने बुधवार को घोषणा की कि गेंद से छेड़खानी विवाद और खिलाड़ियों के साथ भुगतान विवाद के मद्देनजर वो पद से इस्तीफा देंगे। सदरलैंड ने बताया कि वो अगले 12 महीनों में अपना पद छोड़ देंगे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के साथ पिछले 17 साल से मुख्य कार्यकारी सदरलैंड ने 12 महीने का नोटिस दिया है और उनका विकल्प मिलने तक वो पद पर बने रहेंगे। उन्होंने कहा, 'क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के साथ करीब 20 साल के बाद अब सही समय आ गया है। मुझे लगता है कि मेरे जाने का ये सही समय है।'

मार्च में दक्षिण अफ्रीका में तीसरे टेस्ट के दौरान जब पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ, उप-कप्तान डेविड वॉर्नर और बल्लेबाज कैमरन बेनक्रोफ्ट को गेंद से छेड़खानी का दोषी पाया गया, तब सदरलैंड पर काफी दबाव बन गया था। इन तीनों पर प्रतिबंध लगा जबकि तत्कालीन कोच डेरेन लेमैन ने इस्तीफा दे दिया। सदरलैंड पद पर बने रहे और अब भी उन्होंने कहा है कि उनके इस्तीफा का उस मामले से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा, 'वो उस समय बड़ा मसला था लेकिन जब आप किसी बड़े खेल के मुख्य कार्यकारी के पद पर काम कर रहे हैं तो ऐसी बातें होती रहती हैं। उस घटना की वजह से मैंने ये फैसला नहीं लिया है।' पूर्व लेखाकार और मध्यम तेज गेंदबाज सदरलैंड ने कुछ फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं। वो 1998 में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के महाप्रबंधक बने थे। इसके तीन साल बाद वह मुख्य कार्यकारी बने।