बेंगलूरु। बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (107) की रिकॉर्ड शतकीय पारी और मुरली विजय (104) के करियर के 12वें शतक की मदद से भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ ऐतिहासिक एकमात्र टेस्ट के पहले दिन का खेल समाप्त होने तक छह विकेट पर 347 रन बना लिए हैं। बारिश से प्रभावित पहले दिन केवल 78 ओवर का खेल ही हो सका।
पहले सत्र में धवन और विजय की पारियों की मदद से भारत ने अपना दबदबा बनाया, लेकिन दूसरे और तीसरे सत्र में अफगानिस्तान के गेंदबाजों ने वापसी की। इन दो सत्रों में उसके गेंदबाजों ने छह विकेट हासिल किए। हालांकि अफगानिस्तान के स्टार स्पिन गेंदबाज राशिद खान का मैच के पहले दिन जलवा देखने को नहीं मिला और 26 ओवर गेंदबाजी करने के बाद केवल वह एक विकेट ही हासिल कर सके।
भारतीय कप्तान अजिंक्या रहाणे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। सलामी बल्लेबाज शिखर धवन और मुरली विजय ने पहले विकेट के लिए 168 रन की साझेदारी कर भारतीय टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। शिखर धवन ने अपने टेस्ट करियर का सातवां शतक केवल 87 गेंदों में 18 चौकों और तीन छक्कों की मदद से पूरा किया।
वह लंच के समय 104 रन पर नाबाद थे और लंच के बाद 107 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी शतकीय पारी के दौरान केवल 96 गेंदों का सामना करते हुए 19 चौके और तीन छक्के लगाए। धवन को अफगानिस्तान के यमीन अहमदजई ने आउट किया।
वहीं मुरली विजय भी शतक बनाने के बाद ज्यादा देर तक नहीं टिक सके। वह 105 रन बनाकर वफादार की गेंद पर पगबाधा आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में 153 गेंदों का सामना करते हुए 15 चौके और एक छक्का जड़ा। केएल राहुल 54 रन बनाकर आउट हुए।
वहीं चेतेश्वर पुजारा ने 35, कप्तान अजिंक्या रहाणे ने 10 और आठ साल बार भारतीय टीम में वापसी करने वाले दिनेश कार्तिक ने केवल चार रन बनाए। खेल समाप्ति पर हार्दिक पांड्या 10 और रविचन्द्र अश्विन सात रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।