एंटवर्प: भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम का मंगलवार को अंडर-23 फाइव नेशन्स टूर्नामेंट में खेला गया तीसरा राउंड रोबिन मैच बेल्जियम के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ पर समाप्त हुआ। इस मैच में भारत के लिए मोहम्मद उमर ने गोल किया, वहीं बेल्जियम का खाता सीरिल फ्राइंग ने खोला।

पहले क्वार्टर में दोनों टीमों ने एक-दूसरे के डिफेंस को अच्छी टक्कर दी लेकिन गोल करने में असफल रहे। भारतीय टीम को दूसरे क्वार्टर के अंतिम मिनट में अपने संघर्ष का फल मिला और उमर ने 30वें मिनट में गोल कर भारतीय टीम का खाता खोल उसे बढ़त दे दी।
बेल्जियम ने हालांकि, इस बढ़त को ज्यादा समय तक बरकरार नहीं रहने दिया। 34वें मिनट में सीरिल ने गोल कर टीम का खाता खोला और स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
इसके बाद, दोनों टीमें तीसरे और चौथे क्वार्टर में बढ़त हासिल कर जीतने के लिए गोल की कोशिश करती रहीं लेकिन दोनों के ही हाथ खाली रह गए। इस कारण यह मैच 1-1 से बराबरी पर समाप्त हो गया। भारतीय जूनियर टीम का अगला मुकाबला अब 20 जुलाई को नीदरलैंड्स के खिलाफ होगा।
The post हॉकी: 1-1 से ड्रॉ हुआ अंडर-23 फाइव नेशन्स में भारत, बेल्जियम का मैच appeared first on Puri Dunia | पूरी दुनिया.