Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

महेंद्र सिंह धोनी ने भरा ₹12.17 करोड़ टैक्स, बिहार और झारखंड में सबसे ज्यादा

रांची 
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कैप्टन महेंद्र सिंह धोनी ने क्रिकेट के मैदान से बाहर भी एक रेकॉर्ड बनाया है। यह रेकॉर्ड सबसे ज्यादा टैक्स भरने का है। दरअसल, धोनी ने वित्त वर्ष 2017-18 में 12.17 करोड़ रुपये टैक्स जमा किया है। यह टैक्स देनदारी बिहार और झारखंड क्षेत्र में सबसे ज्यादा है। आईटी हेडक्वॉर्टर (बिहार और झारखंड) की जॉइंट कमिशनर निशा अरोन ने इस बात की जानकारी दी। उन्होंने कहा, 'धोनी ने वित्त वर्ष 2017-18 में बिहार झारखंड क्षेत्र से सबसे ज्यादा टैक्स जमा किया है।' 
 
इससे पहले 2016-17 वित्त वर्ष में 37 साल के धोनी ने 10.93 करोड़ रुपये टैक्स जमा किया था। धोनी 2013-14 में भी इस क्षेत्र से सबसे ज्यादा टैक्स देने वाले शख्स थे। फोर्ब्स के अनुमान के मुताबिक, साल 2015 में कैप्टन कूल की नेट वर्थ 111 मिलियन डॉलर (करीब 765 करोड़ रुपये) थी। उस साल धोनी ने करीब 217 करोड़ रुपये कमाए थे। इसमें 24 करोड़ रुपये के करीब उनकी सैलरी और बाकी पैसा विज्ञापनों से आया था। 

बता दें कि धोनी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है और वह टेस्ट और वनडे टीम की कप्तानी भी छोड़ चुके हैं। इसबार उनकी कप्तानी में चेन्नै सुपर किंग्स ने फिर से आईपीएल कप जीता था। धोनी क्रिकेट खेलने के अलावा बाकी खेलों से भी जुड़े हुए हैं। इंडियन सुपर लीग में उनकी फुटबॉल की एक टीम है और हॉकी इंडिया लीग में वह रांची टीम के जॉइंट ओनर हैं। 

इसके साथ ही उन्होंने 2017 में अपनी कपड़े की ब्रैंड 'सेवन' भी शुरू की थी। अब वह रांची में एक फाइव स्टार होटल बनाना चाहते हैं, इसके लिए उन्होंने राज्य सरकार से मंजूरी मांगी है।