नई दिल्ली। भारत की अंडर-16 फुटबाल टीम पांचवें डब्ल्यूएएफएफ अंडर-16 ब्वॉयज चैम्पियनशिप में इराक, जापान, जोर्डन और यमन जैसी शीर्ष टीमों से भिड़ेगी। इस चैम्पियनशिप की शुरूआत एक अगस्त से जोर्डन के किंग अब्दुल्लाह-2 इंटरनेशनल स्टेडियम में होगी। इस दौरे का आयोजन अखिल भारतीय फुटबाल संघ द्वारा भारतीय खेल प्राधिकरण के साथ मिलकर किया गया है, जिसका लक्ष्य भारतीय अंडर-16 टीम को सितम्बर में होने वाले एएफसी अंडर-16 चैम्पियनशिप के लिए पूरी तरह से तैयार करना है।
भारत टूर्नामेंट की तैयारियों के रूप में चीन, थाईलैंड और मलेशिया का दौरा किया और वहां छह मैच खेले जिसके बाद जोर्डन में होने वाले टूर्नामेंट में शामिल होने का निर्णय लिया गया।
राष्ट्रीय टीम निदेशक अभिषेक यादव ने कहा कि इस दौरे का लक्ष्य भारतीय टीम को उन टीमों के खिलाफ मैच खेलने का मौका देना है, जो एएफसी अंडर-16 चैम्पियनशिप के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं।
अभिषेक ने कहा, “अंडर-16 डब्ल्यूएएफएफ चैम्पियनशिप में वहीं टीमें हिस्सा ले रही हैं जिन्होंने 2018 एएफसी अंडर-16 चैम्पियनशिप के लिए क्वालीफाई किया है। हम अपनी तैयारियों के अंतिम चरण में प्रवेश कर रहे हैं और जनवरी से हमारा लक्ष्य है कि कोच को उन टीमों के खिलाफ खेलने का मौका दिया जाए जो 2018 चैम्पियनशिप में हिस्सा लेंगे।”
उन्होंने कहा, “अगर अगस्त में सबकुछ योजनाबद्ध तरीके से होता है तो हम टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई की हुई आधी टीमों के खिलाफ एक साथ खेल लेंगे।”
अभिषेक ने कहा, “हमारे खिलाड़ियों को मौजूदा विजेता इराक के खिलाफ खेलने का मौका मिलेगा। यह हर दिन नहीं होता है। इसके अलावा, हमारा मुकाबला जापान से भी है। यह एशिया की सबसे बेहतरीन अंडर-16 टीम है। हम डब्ल्यूएएफएफ का शुक्रिया अदा करना चाहते हैं, जिन्होंने हमें इस दौरे के लिए आमंत्रित किया।”
The post जापान -ईराक जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ खेलेगी भारतीय अंडर-16 फुटबॉल टीम appeared first on Puri Dunia | पूरी दुनिया.
