Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

आईसीसी टी-20 रैंकिंग: भारत और राहुल को हुआ फायदा, कोहली को उठाना पड़ा नुकसान 

दुबई। टीम इंडिया तीन मैचों की टी-20 सीरीज में इंग्लैंड को 2-1 से हराने के साथ ही आईसीसी की ताजा रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। जबकि ऑस्ट्रेलिया को त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में हराने वाली पाकिस्तान टीम क्रिकेट के इस फॉर्मेंट पहले स्थान पर बनी हुई है। अब भारत के 124 अंक हो गए हैं। जबकि पाकिस्तान के 122 अंक हैं।

वहीं पिछले कुछ मैचों में शानदार प्रदर्शन के कारण भारतीय खिलाडिय़ों ने भी अपनी रैंकिंग में सुधार किया है। इसमें सबसे ज्यादा फायदा लोकेश राहुल को हुआ है। केएल राहुल इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 शृंखला में अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर नौ पायदान की लंबी छलांग लगाकर शीर्ष तीन बल्लेबाजों में शामिल हो गए।

राहुल ने पिछले चार टी-20 मैचों में 70, 101*, 6 और 19 रन की पारियां खेल यह मुकाम हासिल किया है। यह उनके टी-20 करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग हैं।

इस रैंकिंग में भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा अन्तिम टी-20 मैच में शतक की मदद से दो पायदान के सुधार के साथ 11वें पर पहुंच गए हैं। हालांकि इस रैंकिंग भारतीय कप्तान विराट कोहली को नुकसानउठाना पड़ा है। वह चौथे स्थान पर खिसक गए।

ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज और कप्तान आरोन फिंच क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में 900 रेटिंग अंक हासिल करने वाले पहले बल्लेबाज बने थे। त्रिकोणीय शृंखला में उनके द्वारा किए गए प्रदर्शन के आधार पर वह रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं।

दूसरे स्थान पर पाकिस्तान को तीन देशों का टूर्नामेंट जितवाने वाले फखर जमान पहुंच गए हैं। इसके बाद भारतीय बल्लेबाज लोकेश राहुल का नम्बर आता है।

गेंदबाजी रैंकिंग की बात की जाए तो इसमें भारतीय स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहल एक पायदान नीचे चौथे स्थान पर खिसक गए हैं।हालांकि इस रैंकिंग में भारत के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव को फायदा हुआ है। कुलदीप 41 पायदान की छलांग लगाकर 34वें स्थान पर पहुंच गए। गेंदबाजों की रैंकिंग में अफगानिस्तान के राशिद खान पहले स्थान पर कायम है।