लाइव सिटीज पटना : अनु आनंद पटना जिला सीनियर डिवीजन फुटबॉल लीग खिताब की प्रबल दावेदारों में से एक राज मिल्क ने शनिवार को अपना विजय अभियान जारी रखते हुए इलेवन स्टार मोकामा को 4-0 से पराजित किया. राज मिल्क की यह चौथी जीत है. वहीं गांधी मैदान पर खेले गए एक अन्य लीग मैच में जीएसी ने मूनलाइट एफसी को 3-0 से पराजित कर अपना विजय अभियान जारी रखा है.
अनु आनंद फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस लीग के अंतर्गत न्यू पुलिस लाइन के मैदान पर खेले गए मुकाबले में बाघ (राज मिल्क) और बकरी (इलेवन स्टार, मोकामा) की टीम आमने-सामने थी. दर्शकों को उम्मीद थी कि आज गोलों की बरसात होगी, लेकिन राज मिल्क ने ऐसा नहीं किया. राज मिल्क की टीम मध्यांतर तक सिर्फ एक गोल से आगे थी. यह गोल 15वें मिनट में मो सरफराज ने दागा.
दूसरे हाफ के खेल में भी राज मिल्क के खिलाड़ी अभ्यास करने के मूड मेन थे, लेकिन मौका मिलने पर गोल दागने का मौका नहीं छोड़ा. इस मैच में मो सरफराज ने 15वें, 59वें मिनट में और परमिंदर सिंह ने 44वें और 70वें मिनट पर दो गोल दागे. पराजित टीम कोई गोल नहीं दाग सकी. इस मुकाबले को राज मिल्क ने 4-0 से जीता. अब तक खेले गए चारों मैच में राज मिल्क ने 21 गोल दागे, जबकि इसके खिलाफ कोई गोल नहीं हुआ है. इस मैच में अभय कुमार रेफरी थे, जबकि हरेंद्र यादव, रविशंकर कुमार, अरविंद कुमार सहायक रेफरी थे.

गांधी मैदान जीएसी और मूनलाइट की टीम आमने-सामने थीं. यह मुकाबला संघर्षपूर्ण रहा. दोनों टीम के खिलाड़ियों ने उम्दा व तकनीकीयुक्त खेल दिखाया. खेल का पहला गोल दागने का प्रयास मूनलाइट एफसी के भीम कुमार ने 10वें मिनट में किया. इसके बाद 17वें मिनट में जीएसी के लिए पहला गोल अफ्रीकी मूल के खिलाड़ी वायो का उसी डरेक ने दागा. फिर 36वें मिनट में जीएसी के आफरीदी हाजरा ने शानदार शॉट लगाया, लेकिन गोल नहीं हो सका. मध्यांतर तक जीएसी 1-0 से आगे थी. दूसरे हाफ के खेल में मूनलाइट के खिलाड़ियों ने धीमा खेलना शुरू किया, लेकिन 46वें मिनट और 78वें मिनट में रजत मंडल ने गोल दाग कर अपनी टीम जीएसी को 3-0 से विजयी बना दिया। इस मैच के रेफरी शशि सुमन ने मूनलाइट के रवि कुमार सिंह को 46वें और विकास कुमार ने 60वें मिनट में पीला कार्ड दिखाया। मैच में सहायक रेफरी मोहन कुमार, प्रदीप सरकार, सुनील कुमार थे.
The post राज मिल्क ने अपना विजय अभियान जारी रखा, 4-0 से मोकामा टीम को दी पटकनी appeared first on Live Cities.