नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की धीमी बल्लेबाजी को लेकर एक ओर कड़ी आलोचना हो रही है, वहीं भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने उन्हें टीम का कप्तना बना दिया है। अब विराट कोहली नहीं बल्कि धोनी भारतीय टीम के कप्तान हैं। चौंकिये नहीं, ये हम नहीं बल्कि बीसीसीआई का कहना है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, बीसीसीआई की वेबसाइट में धोनी के प्रोफाइल पेज पर एमएस धोनी, कैप्टन इंडिया लिखा हुआ है। वहीं विराट कोहली के प्रोफाइल पेज पर सिर्फ विराट कोहली ही लिखा हुआ है। हालांकि बीसीसीआई के टीम इंडिया वाले मुख्य पेज पर विराट कोहली को ही भारत का कप्तान दिखाया गया है।
टेस्ट से सन्यास के बाद छोड़ी थी सभी प्रारुपों से कप्तानी
महेंद्र सिंह धोनी ने साल 2014 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। इसके बाद उन्होंने 4 जनवरी, 2017 को सीमित ओवरों के प्रारूप की भी कप्तानी छोड़ दी थी। अब वह सिर्फ विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर भारतीय टीम से वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में खेलते हैं। हालांकि कप्तानी छोड़ने के बावजूद धोनी मैदान पर अधिकतर निर्णय लेते हैं और कोहली का मार्गदर्शन करते हैं।
धोनी बने 10,000 रन बनाने वाले चौथे भारतीय
पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 90 टेस्ट मैचों में 38.09 की औसत से 4876 रन बनाए हैं। वहीं 321 वनडे में उन्होंने 51.25 की औसत से 10,046 रन बनाए हैं। उन्होंने 10 शतक और 67 अर्द्धशतक लगाए हैं। इस दौरान उन्होंने 407 खिलाड़ियों को विकेट के पीछे अपना शिकार बनाया। उनके खाते में 300 कैच और 107 स्टम्पिंग हैं। वे 10,000 से ज्यादा रन बनाने वाले चौथे भारतीय और दुनिया में 12वें खिलाड़ी हैं। धोनी ने 93 अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच खेले हैं। इनमें उन्होंने 37.17 की औसत से 1,487 रन बनाए हैं।
The post BCCI ने धोनी को बनाया टीम का कप्तान, वेबसाइट पर लिखा एमएसडी कैप्टन ऑफ इंडिया appeared first on Puri Dunia | पूरी दुनिया.


