खेल डेस्क। सलामी बल्लेबाज और कप्तान आरोन फिंच (172) की विश्व रिकॉर्ड पारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने त्रिकोणीय टी-20 सीरीज में मंगलवार को जिम्बाब्वे को 100 रन से शिकस्त दी।कंगारू टीम की इस सीरीज में यह लगातार दूसरी जीत है। उसने अपने पहले मैच में पाकिस्तान को नौ विकेट से हराया था।
आरोन फिंच की टी-20 क्रिकेट की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट पर 229 रन का विशाल स्कोर बनाया। इसके जवाब में जिम्बाब्वे नौ विकेट पर 129 रन ही बना सकी। आरोन फिंच ने अपनी शतकीय पारी के दौरान 16 चौके और दस छक्के लगाए।
मैन ऑफ द मैच आरोन फिंच ने टी-20 क्रिकेट में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा। उन्होंने इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ अगस्त 2013 में 63 गेंदों में 156 रन बनाए थे। आरोन फिंच का टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में यह दूसरा शतक है।
उन्होंने पहले विकेट के लिए आर्सी डी शॉर्ट (46) के साथ 19.2 ओवरों में 223 रन की विश्व रिकॉर्ड साझेदारी की। यह किसी भी विकेट के लिए टी-20 क्रिकेट में सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले 17 जनवरी, 2016 को न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल और केन विलियम्सन ने पाकिस्तान के खिलाफ पहले विकेट के लिए 171 रन की साझेदारी की थी।
टी-20 क्रिकेट में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारियों की बात की जाए तो इस सूची में तीसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल हैं। जिन्होंने 6 सितंबर, 2016 को श्रीलंका के खिलाफ पालेकेल में नाबाद 145 बनाकर खेली थी।
वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाज इविन लुईस ने 9 जुलाई, 2017 को भारत के खिलाफ नाबाद 125 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर शेन वाटसन ने भी 31 जनवरी, 2016 को भारत के खिलाफ नाबाद 124 रन की पारी खेली थी।
इस मैच में जिम्बाब्वे की ओर से सोलोमन मायर ने सर्वाधिक 28 रन का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया के एंड्रयू टाई ने 12 रन पर तीन विकेट और एश्टन एगर ने 16 रन पर दो विकेट झटके।