Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

भारत-इंग्लैंड के बीच पहला वनडे कल, इस क्रम पर बल्लेबाजी कर सकते हैं विराट

खेल डेस्क। भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे शृंखला का पहला मैच गुरुवार को नाटिंघम में खेला जाएगा। इस सीरीज में एक बार फिर विराट कोहली की नेतृत्व वाली भारतीय टीम प्रबल दावेदार के रूप में मैदान में उतरेगी।

भारतीय टीम ने इससे पहले मेजबान टीम को टी-20 सीरीज में 2-1 से शिकस्त दी थी। इस सीरीज के दौरान भारतीय टीम अगले वर्ष यहां पर होने वाले वनडे विश्वकप को देखते हुए प्रयोग की नीति को जारी रख सकती है।

इसके तहत विराट कोहली अपने पसंदीदा बल्लेबाजी क्रम तीसरे स्थान को छोड़ सकते हैं। लोकेश राहुल के टी-20 में शानदार प्रदर्शन को देखते हुए कोहली चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतर सकते हैं। राहुल ने आयरलैंड और इंंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में हुई टी-20 में शानदार प्रदर्शन किया था।

मैच में बतौर सलामी बल्लेबाज शिखर धवन और रोहित शर्मा उतरेंगे। पांचवें स्थान पर सुरेश रैना बल्लेबाजी के लिए उतर सकते हैं। इसके बाद महेंद्र सिंह धोनी और ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या मैच के लिए मैदान पर उतरेंगे।

टी-20 में किए गए शानदार प्रदर्शन को देखते हुए कुलदीप यादव को अंतिम एकादश में जगह मिल सकती है। वहीं सिद्धार्थ कौल या शार्दुल ठाकुर में से भी किसी एक खिलाड़ी को मौका मिल सकता है। टीम इंडिया की ओर से भुवनेश्वर कुमार और उमेश यादव नई गेंद संभालेंगे।

वैसे विश्व की नम्बर वन इंग्लैंड और नम्बर दो भारत के बीच होने वाली इस शृंखला के रोचक होने की संभावना है। जहां टीम इंडिया ने टी-20 में मेजबान टीम को 2-1 से शिकस्त दी। वहीं हाल ही में इंग्लैंड ने वनडे सीरीज में विश्व चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया को 5-0 से शिकस्त दी थी।

इस सीरीज में इंग्लैंड की ओर से जोस बटलर, जैसन रॉय, एलेक्स हेल्स, जानी बेयरस्टा और इयोन मोर्गन ने शानदार प्रदर्शन किया था।

टीम इंडिया : विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, रोहित शर्मा, लोकेश राहुल, महेन्द्र सिंह धोनी, दिनेश कार्तिक, सुरेश रैना, हार्दिक पांड्या, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, श्रेयस अय्यर, सिद्धार्थ कौल, अक्षर पटेल, उमेश यादव, शार्दुल ठाकुर, भुवनेश्वर कुमार।

इंग्लैंड : इयोन मोर्गन (कप्तान), जैसन रॉय, जॉनी बेयरस्टो, जोस बटलर, मोइन अली, जो रूट, जैक बाल, टॉम कुरेन, एलेक्स हेल्स, लियाम प्लंकेट, बेन स्टोक्स, आदिल रशीद, डेविड विली, मार्क वुड।