मुंबई। भारत के पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली और उनकी पत्नी एंड्रिया के खिलाफ एक शख्स ने पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई है। कांबली और उनकी पत्नी एंड्रिया एक बार फिर विवादों में फंसते नजर आ रहे हैं। मुंबई में रहने वाले 58 साल के एक शख्स ने आरोप लगाया हैं कि कांबली और उनकी पत्नी एंड्रिया ने मिलकर उनके साथ मारपीट की। वहीं इस संबंध में कांबली ने क्रॉस एफआइआर दर्ज कराने की बात कही है। यह मामला रविवार दोपहर मुंबई के एक मॉल का है।
खबरों के मुताबिक, कांबली और उनकी पत्नी एंड्रिया मॉल में थे। वही पर राजेंद्र कुमार नामक इस सख्स का हाथ कांबली की पत्नी के हाथ से टच हो गया था। राजेंद्र कुमार के बेटे अंकुर ने बताया, ‘रविवार का दिन होने की वजह से मॉल में भीड़भाड़ थी। मेरे पिता मेरी बेटी को गेमिंग जोन से लेकर फूड कोर्ट आ रहे थे। इसी दौरान यह घटना हुई। उनको तो पता भी नहीं चला कि उनका हाथ किसी से टच हो गया है। ‘
राजेंद्र कुमार के बेटे ने कहा, ‘मेरे पिताजी को उनके मुंह पर एक मुक्का पड़ा। कुछ पलों तक उन्हें पता ही नहीं चला कि क्या हो रहा है। वह फूड कोर्ट आए और उन्होंने हमें यह घटना बताई। मैं कांबली के पास गया और उन्हें समझाने की कोशिश की ताकि यह मामला हल हो सके। मुझे धक्का दिया गया और गालियां सुनने को मिलीं। ‘
उन्होंने कहा, ‘कांबली की पत्नी ने अपनी सैंडिल निकाली और मुझे पीटने के लिए तैयार खड़ी थीं। मैं तो उन्हें यह बताने गया था कि हम उनका सम्मान करते हैं और यह गलती से हो गया होगा। उनके ऐसे व्यवहार के बाद हम पुलिस स्टेशन गए और शिकायत दर्ज कराई। ‘ अंकुर के हाथ में भी नाखूनों की खरोंचें आई हुई हैं। राजकुमार एक रिटायर्ड बैंक कर्मचारी हैं और उनके बेटे एक बिजनेसमैन हैं।
इस मामले में बांगुर नगर पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 504 (शांति भंग करने के लिए जानबूझकर किसी का अपमान करना) और धारा 323 (हिंसक रूप से किसी को दंडित करके नुकसान पहुंचाना) में केस दर्ज किया गया है।
इस बारे में पूर्व क्रिकेटर कांबली से बात करने पर उन्होंने कहा, ‘उस आदमी ने मेरी पत्नी के साथ दुर्व्यवहार किया। मुझे उसके खिलाफ केस दर्ज करना चाहिए। उसने मेरी पत्नी को गलत तरीके से टच किया था। मैंने मुंबई पुलिस को इस बारे में ट्वीट किया है। हम इस केस में फॉलो अप करेंगे। ‘ इस मामले में बांगुर नगर पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर विजय बाने ने कहा है कि उन्हें फिलहाल इस केस की जानकारी नहीं है।
The post इस पूर्व क्रिकेटर और उनकी पत्नी पर लगा मारपीट का आरोप, एफआईआर हुई दर्ज appeared first on Puri Dunia | पूरी दुनिया.
