दुबई, 10 जुलाई: इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज सैम बिलिंग्स का मानना है कि अगले साल होने वाले आईसीसी क्रिकेट विश्व कप में भारत उनकी टीम के लिये सबसे बड़ा खतरा होगा।
भारत और इंग्लैंड के बीच 12 जुलाई से तीन एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला होगी। वनडे रैंकिंग में विश्व की नंबर एक टीम इंग्लैंड और नंबर दो भारत के बीच कड़ा मुकाबला होने की संभावना है। विराट कोहली की टीम ने हालांकि हाल में टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला 2-1 से जीतकर अपना दबदबा साबित कर दिया है।
यही वजह है कि इंग्लैंड की तरफ से 15 वनडे खेलने वाले बिलिंग्स जानते हैं कि विश्व कप 2019 में भारत किस तरह की चुनौती पेश कर सकता है।
आईसीसी वेबसाइट के अनुसार बिलिंग्स ने ‘विश्व कप स्कूल’ कार्यक्रम के दौरान कहा, ‘‘कई अच्छी टीमें हैं। मुझे लगता है कि भारतीय टीम बेहद मजबूत है और उसे हराना आसान नहीं होगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ उनकी टीम परिस्थितियों से अच्छा सामंजस्य बिठा लेती है और उसके पास कई अच्छे खिलाड़ी हैं। इसलिए मैं उन्हें इंग्लैंड का सबसे कड़ा प्रतिद्वंद्वी मानता हूं।’’
The post बिलिंग्स ने कहा, विश्व कप क्रिकेट में सबसे बड़ा खतरा होगा भारत appeared first on SportzWiki Hindi.