खेल डेस्क। इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मैच भारतीय टीम के लिए अच्छा नहीं रहा। इस मुकाबले में जो रुट (113) की शतकीय पारी की बदौलत इंग्लैंड ने भारत को 86 रन से शिकस्त दी। इसके साथ ही मेजबान टीम को तीन मैचों की वनडे सीरीज में वापसी करने का मौका भी मिल गया।
शनिवार को लंदनमें खेले गए इस मुकाबले के दौरान एक शर्मनाक पल भी देखने को मिला। इसके कारण तो भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों को भी गुस्सा आ गया।
इस मुकाबले में भारतीय बल्लेबाज उम्मीदों के अनुरूप प्रदर्शन करने में असफल रहे। उसका शीर्ष और मध्यक्रम जल्द ही पवेलियन लौट गया। बाद में पुछल्ले बल्लेबाजों को भी मैदान में आना पड़ा।
इसी के चलते भारतीय स्पिन गेंदबाज यजुवेन्द्र चहल बल्लेबाजी के लिए मैदान पर आए। मैच में चहल ने पहली बार अपने वनडे करियर में दो चौके लगाए। इस दौरान इंग्लैंड के कमेंटेटर ने चहल को लेकर एक शर्मनाक कमेंट कर दिया।
जल्द विकेट गिरने के कारण चहल काफी दबाव में बल्लेबाजी कर रहे थे, इस दौरान इंग्लैंड के कमेंटेटर ने चहल की तुलता एक एक कुत्ते से कर सभी को हैरानी में डाल दिया।
उन्होंने उस समय इस भारतीय बल्लेबाज को दवाब में देखकर कहा था कि यजुवेन्द्र चहल वैसा कर रहे हैं जैसा कोई कुत्ता फ्रिज्बी का पीछा कर रहा हो। इसके बाद तो भारतीय प्रशंसकों ने इस कमेंटेटर को आड़े हाथों लेते हुए उनकी काफी आलोचना की।
इस मुकाबले में चहल ने अपने वनडे करियर का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। उन्होंने 12 गेंदों पर 12 रन बनाए। इस मैच को जीतकर मेजबान टीम ने वनडे शृंखला में 1-1 की बराबरी हासिल की।
जो रुट के करियर के 12वें वनडे शतक की मदद से इंग्लैंड ने निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट पर 322 रन का मजबूत स्कोर बनाया। इसके जवाब में भारतीय टीम 50 ओवर में 236 रन पर ही ढेर हो गई। भारतीय टीम की ओर से शिखर धवन ने 36, कप्तान विराट कोहली ने 45, सुरेश रैना ने 46, महेंद्र सिंह धोनी ने 37 और हार्दिक पांड्या ने 21 रन का योगदान दिया।