खेल डेस्क। तेज गेंदबाज कैगिसो रबादा और चाइनामैन गेंदबाज तबरेज शम्सी की कातिलाना गेंदबाजी की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने दाम्बुला में खेले गए पहले एकदिवसीय मैच में मेजबान श्रीलंका को पांच विकेट से शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही दक्षिण अफ्रीका ने 5 मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।
तेज गेंदबाज कैगिसो रबादा (41 रन पर 4 विकेट) और चाइनामैन गेंदबाज तबरेज शम्सी (33 रन पर 4 विकेट) की शानदार गेंदबाजी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका को 34.3 ओवर में केवल 193 रन पर ही ऑल आउट कर दिया था।
इसके जवाब में मेहमान टीम ने 31 ओवर में पांच विकेट पर 196 रन बनाकर पहला वनडे अपने नाम किया। 33 रन पर 4 विकेट हासिल करने वाले शम्सी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज करने वाली श्रीलंका की शुरुआत ही अच्छी नहीं रही। उसकी आधी टीम तो 36 रन पर ही पवेलियन लौट गई थी। इसके बाद कुशल परेरा और तिषारा परेरा ने अपनी पारियों के माध्यम से श्रीलंका को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
कुशल परेरा ने 72 गेंदों पर 81 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 11 चौके और एक छक्का लगाया। जबकि ऑलराउंडर तिषारा परेरा ने केवल 30 गेंदों पर 49 रन में बनाए। हालांकि वह अपना अर्धशतक बनाने से केवल एक रन से चूक गए। अपनी पारी में उन्होंने आठ चौके लगाए।
इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक, कप्तान फॉफ ड प्लेसिस और जेपी डुमिनी की पारियों की सहायता से आसान जीत दर्ज की । मेहमान टीम की ओर से क्विंटन डी कॉक ने 59 गेंदों में 47, कप्तान फॉफ डु प्लेसिस ने 56 गेंदों में 47 और जेपी डुमिनी ने केवल 32 गेंदों में नाबाद 53 रन बनाए।
डुमिनी ने अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान छह चौके और दो छक्के लगाए।गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीका को इससे पहले टेस्ट सीरीज में मेजबान श्रीलंका से 0-2 से हार का सामना करना पड़ा।