लाइव सिटीज पटना : अनु आनंद पटना जिला सीनियर डिवीजन फुटबॉल लीग में बुधवार को खेले गये मुकाबले में सरफराज की शानदार हैट्रिक की बदौलत गत चैंपियन राज मिल्क एफसी ने सिविल ऑडिट को 5-0 से पराजित कर लगातार छठी जीत दर्ज कर पूल ‘ए’ में 18 अंकर लेकर शीर्ष पर चल रही है. राज मिल्क को अपना अंतिम लीग मैच 14 जुलाई को पटना पुलिस से खेलना है. इसके बावजूद पूल ए से राज मिल्क और पूल बी से बीआरसी दानापुर सेमीफाइनल में पहुंच गये हैं. बीआरसी ने सात मैच खेल लिए हैं, जिसमें एक मैच में बीआरसी को हार का सामना करना पड़ा है.
अनु आनंद फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस लीग में पूल ए के मैच में गांधी मैदान में आर्मी ब्वायज एससी दानापुर ने पटना पुलिस को 5-0 से हरा कर पूरे अंक प्राप्त किये. आर्मी ब्वायज ने अबतक चार मैच खेले हैं और तीन में जीत के साथ नौ अंक हैं और तीन मैच अभी और खेलना बाकी है.
पटना फुटबॉल संघ द्वारा आयोजित लीग में न्यू पुलिस लाइन मैदान पर खिताब की दावेदार राज मिल्क नीले और सिविल ऑडिट की टीम गुलाबी एवं काले रंग की जर्सी में खेलने उतरी. राज मिल्क चार-दो-तीन-एक के फार्मेशन से खेल रही थी जबकि सिविल आडिट की टीम तीन-तीन-चार के फार्मेशन से मैदान पर भिड़ रही थी. राज मिल्क शुरू से जोशो-खरोश के साथ खेल रही थी. तेजतर्रार स्ट्राइकरों परमिंदर सिंह, रोबिन छेत्री, सरफराज और नओबा सिंह ने गोल दागने के प्रयास शुरू किये, लेकिन सिविल ऑडिट के चतुर गोलकीपर एसके मजूमदार ने बेहतरीन बचाव किये, मगर 14वें मिनट में वह परमिंदर सिंह के शानदार किक को गोल पोस्ट के अंदर जाने से रोकने में नाकाम रहे और राज मिल्क को 1-0 की बढ़त मिल गयी.
सिविल ऑडिट को भी बराबरी करने का मौका मिला, लेकिन राज मिल्क के डिफेंडरों को छका नहीं सके. मध्यांतर तक राज मिल्क 1-0 से बढ़त लेकर मैदान से बाहर गयी. दूसरे हाफ में सिविल आॅडिट के स्ट्राइकर संजीव सिंह और सत्येन्द्र कुमार ने मूव बनाना शुरू किया. 42वें मिनट में सत्येन्द्र गोल करने से चूक गये. इसके बाद 45वें मिनट में सरफराज ने दायें छोर से गोयन सिंह के लांग शॉट को हेड से नेट में भेजकर दूसरा और 47वें मिनट में देखते ही देखते फिर गोल कर राज मिल्क को 3-0 से आगे कर दिया. नओबा सिंह की जगह युसूफ इब्राहिम मैदान पर उतरे.
इसके बाद राज मिल्क की टीम आक्रामक हो गयी. 52वें मिनट में सिविल के सत्येन्द्र गोल करने का सुनहरा मौका गंवा बैठे. मैच के स्टार खिलाड़ी सरफराज ने 57वें और 67वें मिनट में दो और गोल कर हैट्रिक पूरा करते हुए राज मिल्क को 5-0 से जीत दिला दी. सरफराज ने 45वें, 47वें, 57वें और 67वें मिनट में लगातार चार गोल कर हैट्रिक पूरी की. मैच में ए. कुमार रेफरी थे जबकि मोहन कुमार, सुनील कुमार और बिनोद कुमार सिंह सहायक थे. गांधी मैदान में पूल ए के एक अन्य मैच में आर्मी ब्वायज एससी और पटना पुलिस के बीच मुकाबला जोरदार हुआ. आर्मी अपना चौथा और पटना पुलिस अपना पांचवां मैच खेल रही थी. पटना पुलिस के खाते में तीन जीत, एक ड्रॉ और एक हार के बाद 10 अंक हैं जबकि उसे दो मैच और खेलना है. आज के मुकाबले में पुलिस के खिलाडिय़ों ने आर्मी ब्वायज के विरुद्ध पावर गेम की तकनीकी अपनायी. लेकिन युवा आर्मी ने भी अपनी शैली नहीं बदली.
28वें मिनट में समीर मुर्मू ने और 29वें मिनट में डुंग डुंग ने एवं 39वें मिनट में कप्तान विशाल छेत्री ने गोल कर मध्यांतर तक आर्मी ब्वायज को 3-0 की महत्वपूर्ण बढ़त दिला दी. दूसरे हाफ में आर्मी के खिलाड़ी पटना पुलिस की अनुभवी टीम को अ यास कराने लगे. इसी दौरान 62वें मिनट में अमन कुमार ने चतुराई से आर्मी के लिए चौथा गोल दाग दिया, जिससे पटना पुलिस की टीम और दबाव में आ गयी। फिर मैच पावर गेम में तब्दील हो गया. आर्मी के चपल व चतुर योंग भूटिया ने 78वें मिनट में टीम के लिए पांचवां गोल दागा. पटना पुलिस ने आर्मी के युवा खिलाडिय़ों को गले लगाकर जीत की बधाई देते हुए स्वस्थ खेल परंपरा की मिसाल पेश की. मैच में हरेन्द्र यादव रेफरी और अरबिन्द कुमार, शशि कुमार एवं फजले अली सहायक रेफरी थे.
The post जिला सीनियर डिवीजन फुटबॉल लीग के सेमीफाइनल में राज मिल्क ने की एंट्री appeared first on Live Cities.