स्पोर्ट्स डेस्क। जहां एक तरफ भारतीय टीम के पूर्व कप्तान धोनी को अपनी वर्तमान फॉर्म के बावजूद संन्यास ना लेने की बात पर कड़ी आलोचना का शिकार होना पड़ रहा है, वहीं भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर पूर्व साथी खिलाड़ी धोनी के समर्थन में उतर आये है।
एक इंटरव्यू में धोनी के संन्यास लेने की बात का जवाब देते हुए सचिन ने कहा कि 'मुझे पता है कि लोग बहुत सी चीजों के बारे में बात कर रहे हैं लेकिन यह कोई क्या सोचता है इसके बारे में नहीं है। मैंने गावस्कर के बयान को पढ़ा है और सौरव गांगुली की टिप्पणी को भी देखा है कि धोनी को और अधिक मेहनत करने की जरूरत है। लेकिन यदि आप खुद धोनी से बात करते हैं, तो वह यह ही कहेंगे कि उनका हालिया प्रदर्शन) उनकी उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा है और यह बात है खिलाड़ी अपनी अपेक्षाओं को पूरा करने की कोशिश करते हैं।"
सचिन ने यह भी कहा कि 'धोनी बहुत लंबे समय से क्रिकेट खेल रहे है और उन्हें ये पता भी पता है कि उनसे क्या अपेक्षा की जा रही है। इसलिए संन्यास का निर्णय पूरी तरह से उन्हीं पर छोड़ देना चाहिए। उन्होंने पर्याप्त क्रिकेट खेला है और वह किसी और की तुलना में अपने खेल को बेहतर समझते हैं। उनका साथी खिलाड़ी होने के नाते, मैं उनके बारे में जानता हूं और मुझे लगता है कि अपने करियर पर फैसला करने के लिए वही सबसे अच्छा व्यक्ति है।
2017 चैंपियंस ट्रॉफी के बाद से ही धोनी को उनके गिरते हुए प्रदर्शन के लिए कड़ी आलोचना का शिकार होना पड़ा है। उसके बाद खेले गए 23 मैचों में धोनी ने पांच अर्धशतक के साथ 704 रन बनाए है। इस दौरान धोनी का औसत 58.66 की दर से अच्छा रहा है लेकिन उनकी स्ट्राइक रेट 77.53 ही रही है।
हालिया इंग्लैंड दौरे पर वनडे सीरीज के दूसरे मैच में धोनी को 59 गेंदों पर मात्र 37 रन बनाने के लिए आलोचना का सामना करना पड़ा और फैंस ने उन्हें संन्यास के सलाह दी। बता दें कि धोनी ने हाल ही में वनडे में अपने 10 हजार रन पूरे किये है और सचिन, राहुल द्रविड़ और सौरव गांगुली के बाद यह कारनामा करने वाले चौथे भारतीय खिलाडी बन गए है।
Herald