नई दिल्ली। भारतीय महिला फुटबाल टीम पहली बार स्पेन में होने वाले कोटिफ टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी। एक अगस्त से छह अगस्त के बीच होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम शुक्रवार सुबह रवाना होगी। भारतीय महिला फुटबाल टीम यूरोप में होने वाले इस टूर्नामेंट में पहली बार शिरकत कर रही है। अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) ने गुरुवार को एक बयान जारी कर इस बात की जानकारी दी।

एआईएफएफ के सचिव कुशल दास ने कहा, “ओलम्पिक क्वालीफायर नजदीक हैं और उन्हें देखकर यह दौरा काफी अहम है। भारतीय महिलाओं ने खेल जगत में हाल ही में विश्व स्तर पर काफी नाम कमाया है। भारतीय महिला हॉकी टीम इंग्लैंड में खेले जा रहे विश्व कप में अभी तक अजेय है। एआईएफएफ के पास महिला टीम को लेकर काफी अच्छी योजना है।”
टीम के कोच मेमोल रॉकी ने कहा कि टीम आने वाली चुनौती के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने कहा, “हमारे पास यूरोप की परिस्थतियों में अपने आप को परखने का यह शानदार मौका है। साथ ही हम मोरक्को की राष्ट्रीय टीम के साथ खेलेंगे और वो भी हमें फायदा देगा। हम इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।”
भारत अपना पहला मैच एक अगस्त को फंडासियो एल्बासेट, दूसरा मैच तीन तारीख को लेवांते यू.डी से खेलेगी। भारतीय टीम पांच अगस्त को मोरक्को से भिड़ेगी जो उसके लिए इस दौरे पर सबसे बड़ी चुनौती है। भारत को अपना आखिरी मैच मेड्रिड सी.एफ के खिलाफ छह अगस्त को खेलना है।
The post भारतीय महिला फुटबाल टीम पहली बार स्पेन के कोटिफ टूर्नामेंट खेलेगी appeared first on Puri Dunia | पूरी दुनिया.