खेल डेस्क। भले ही भारतीय टीम मंगलवार को तीसरे एवं अन्तिम वनडे में इंग्लैंड से मिली हार के कारण लगातार दसवीं द्विपक्षीय सीरीज जीतने की उपलब्धि हासिल करने में नाकाम रही हो, लेकिन टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने इस मैच में एक विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की ओर से कप्तान विराट कोहली ने सर्वाधिक 71 रन बनाए। इस पारी के दौरान उन्होंने बतौर कप्तान सबसे तेज तीन हजार रन बनाने का दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स का विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
कोहली ने 71 गेंदों का 8 चौकों की सहायता से 71 रन की पारी खेल बतौर कप्तान तीन हजार रन पूरे किए। ये उपलब्धि उन्होंने केवल 49वीं पारी में ही हासिल की। इससे पहले ये रिकॉर्ड विश्व के महान बल्लेबाज एबी डिविलियर्स के नाम था। जिन्होंने इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए अपनी कप्तानी में 60 पारियां खेली।
इस दौरान विराट ने भारत के पूर्व कप्तानों महेन्द्र सिंह धोनी और सौरव गांगुली को भी पीछे छोड़ दिया है। भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज और पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने 60वीं पारी में तीन हजार रन के आंकड़े को छुआ था। धोनी ने इस मामले में सौरव गांगुली का रिकॉर्ड ध्वस्त किया था। गांगुली ने 74वीं पारी में बतौर कप्तान तीन हजार रन पूरे किए थे।
मैच में लेग स्पिनर आदिल राशिद और जे विली की शानदार गेंदबाजी के सामने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम 50 ओवर में आठ विकेट पर 256 रन ही बना सकी थी।
इसके जवाब में जो रूट (नाबाद 100) और और कप्तान इयोन मोर्गन (नाबाद 88) की शानदार पारियों के दम पर मेजबान टीम ने 44.3 ओवर में दो विकेट पर 260 रन बनाकर आसान जीत हासिल की। इसके साथ ही इंग्लैंड ने तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से जीतकर टी-20 में मिली हार का भारत से बदला भी ले लिया है।