पाकिस्तान के अनुभवी हरफनमौला खिलाड़ी शोएब मलिक ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 2000 रन पूरे कर लिए हैं. वह यह मुकाम हासिल करने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं. 36 साल के मलिक ने अपने 99वें टी-20 मैच में यह उपलब्धि हासिल की.
उन्होंने यहां जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 त्रिकोणीय सीरीज के पहले मैच में 37 रन की नाबाद पारी के दौरान यह रिकॉर्ड बनाया. मलिक ने इस मैच में 24 गेंद पर दो चौक और एक छक्का लगाया. मलिक से पहले न्यूजीलैंड के धाकड़ बल्लेबाज ब्रैंडन मैकुलम और मार्टिन गप्टिल इस क्लब में शामिल हैं.

मलिक के अब टी20 मैच में 31.65 के औसत के 2026 रन हो गए हैं और इस प्रारूप में सर्वाधिक रन बनाने वाले विश्व के तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं. न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल 75 मैचों में 34.40 के औसत से 2271 रनों के साथ शीर्ष पर हैं। गुप्टिल के टीम साथी और पूर्व सलामी बल्लेबाज ब्रैंडन मैकुलम 71 मैचों में 35.66 के औसत से 2140 रन के साथ दूसरे नंबर पर हैं.
इस खास मौके पर भारतीय टेनिस स्टार व मालिक की पत्नी सानिया मिर्ज़ा ने खास बधाई दी. उन्होंने ICC द्वारा किये गए ट्वीट को रिट्वीट करते हुए लिखा कि ये हुई बात, मुझे तुमपर गर्व है.
Yeah man
#Champ #proud @realshoaibmalik https://t.co/SRhrC1y9Lg
— Sania Mirza (@MirzaSania) July 1, 2018
इस के साथ ही मलिक ने एक और शानदार रिकॉर्ड अपने नाम किया है. सोमवार को मलिक के नाम पर एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज हो गई. इस खास उपलब्धि को अपने नाम करने वाले मलिक पाकिस्तान ही नहीं दुनिया के इकलौते और पहले क्रिकेटर है.
जिम्बाब्वे में जारी त्रिकोणीय टी-20 सीरीज में आज आस्ट्रेलिया के खिलाफ मैदान पर उतरते ही शोएब मलिक टी-20 इंटरनेशनल में 100वां मैच खेलने वाले पहले क्रिकेटर बन गए.

आपको बता दें कि साल 2007 से शुरू हुए फटाफट क्रिकेट में अब तक कोई भी क्रिकेटर 100 मैच नहीं खेल सका था. सबसे ज्यादा टी-20 इंटरनेशनल खेलने का पिछला रिकॉर्ड शाहिद आफरीदी के नाम पर था.
अफरीदी ने अपने करियर में कुल 99 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले है. इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर भारतीय पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी हैं. धोनी ने अबतक अपने करियर में 90 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेला है.
The post शोएब मलिक ने बनाया विश्व रिकॉर्ड, तो सानिया ने अपने शौहर को दी खास अंदाज में बधाई appeared first on SportzWiki Hindi.


