Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

भारत को मिली नई उडऩ परी, विश्व स्तर पर स्वर्ण जीत हिमा दास ने रचा इतिहास

खेल डेस्क। 18 साल की हिमा दास ने विश्व स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला एथलीट बनने की ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। इसके साथ ही वह देश की नई उडऩ परी बन गई है। इससे पहले भारत की ओर से महिला वर्ग में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पीटी उषा का रहा था। जिन्होंने 1984 ओलंपिक में 400 मीटर हर्डल रेस में चौथा स्थान हासिल किया था।

असम की हिमा दास ने यह उपलब्धि टेम्पेयर (फिनलैंड) में आयोजित आईएएएफ विश्व अंडर 20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के 400 मीटर महिला फाइनल में खिताबी जीत के साथ हासिल की है। इससे पहले भारत की ओर से कोई भी महिला विश्व चैंपियनशिप के किसी भी स्तर पर खिताबी जीत हासिल नहीं कर सकी है।

इस उपलब्धि पर खेल जगत सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी दिग्गज हस्तियों ने भी हिमा को बधाई देते हुए उनकी प्रशंसा की है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमा दास को बधाई दी। प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा कि भारत को एथलीट हिमा दास पर गर्व है जिसने विश्व अंडर 20 चैम्पियनशिप में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीता है।

भारतीय एटलीट हिमा दास ने 51 .46 सेकेंड के समय के साथ यहां पर स्वर्णिम सफलता हासिल की है। हालांकि इस प्रदर्शन के बावजूद हिमा 51 .13 सेकेंड के अपने निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से पीछे रही।

चौथे नंबर की लेन में दौड़ रही भारतीय एथलीट हिमा दास ने अन्तिम समय में काफी तेजी दिखाते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। रोमानिया की आंद्रिया मिकलोस ने 52 .07 सेकेंड के साथ रजत और अमेरिका की टेलर मेनसन ने 52 .28 सेकेंड के साथ कांस्य पदक पर कब्जा किया।

स्वर्णिम सफलता हासिल करने के बाद भारतीय एथलीट हिमा दास ने कहा कि इस चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर मैं काफी खुश हूं। उन्होंने हौसलाअफजाई करने के लिए सभी भारतीयों को धन्यवाद दिया।

इससे पहले भारत की ओर से नीरज चोपड़ा ने 2016 में आयोजित हुई पिछली प्रतियोगिता में भाला फेंक स्पर्धा में विश्व रिकार्ड प्रयास के साथ स्वर्ण पदक पर कब्जा किया था।