खेल डेस्क।आज दुनिया को पता चल जाएगा कि रूस में चल रहे फीफा विश्व का ताज किसके सिर सजेगा। क्या पूर्व चैम्पियन फ्रांस दूसरी बार इस खिताब पर कब्जा जमा पाएगा या क्रोएशिया अपने दूसरे प्रयास में ही विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम करने में सफल होगा। ये सवाल बार-बार फुटबॉल के प्रशसंकों के सामने आ रहे होंगे। दोनों ही टीमों के समर्थक अपनी-अपनी टीमों को चैम्पियन के रूप में देखना चाहते हैं।
शायद किसी ने भी कल्पना नहीं की होगी किजर्मनी, ब्राजील, अर्जेंटीना, स्पेन और इटली जैसी मजबूत टीमें होने के बावजूद क्रोएशिया फाइनल में जगह बना लेगी, लेकिन क्रोएशिया लोगों की उम्मीदों के विपरित दिग्गज टीमों को शिकस्त देकर खिताब जीतने के करीब पहुंच गई है।
हालांकि युवाओं से भरी फ्रांस की टीम अपने स्टार किलियान एमबापे और एंटोइन ग्रिजमान के बूते इस खिताबी की प्रबल दावेदार मानी जा रही है। टूर्नामेंट की दूसरी सबसे युवा टीम फ्रांस के लिए एमबापे की मौजूदगी प्रेरणादायी रही। वहीं दुनिया के सबसे बेहतरीन मिडफील्डर में शामिल लुका मोदरिच क्रोएशियाई टीम को प्रेरित कर रहे हैं।
विश्व कप शुरू होने से पहले इन दोनों ही टीमों की गिनती मजबूत टीमों में नहीं हुई थी। इन दोनों ही टीमों ने अपने प्रदर्शन से प्रशंसकों को चौंका दिया है। फ्रांस के पास 1998 के बाद दूसरा विश्व खिताब जीतकर अर्जेंटीना और उरूग्वे के क्लब में शामिल होने का मौका होगा। ये दोनों टीमें भी अभी तक दो-दो बार खिताब पर कब्जा जमा चुकी है।
विश्वकप में दोनों ही टीमों का अभी तक का सफर: फ्रांस:
1998 में चैंपियन रहे फ्रांस ने सेमीफाइनल में बेल्जियम को 1-0 शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई। उसने क्वार्टर फाइनल में दक्षिण अमेरिकी टीम उरूग्वे को 2-0 से हराया था। इससे पहले प्री-क्वार्टर फाइनल में फ्रांस ने लियोनल मैसी की अर्जेंटीना को 4-3 से हराया था।
ग्रुप स्टेज में फ्रांस ने पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से, दूसरे मैच में पेरू को 1-0 से हराया था। जबकि अन्तिम मैच उसने डेनमार्क से ड्रॉ खेला था।
क्रोएशिया:
क्रोएशिया ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 2-1 शिकस्त देकर पहली बार फाइनल में जगह बनाई। उसने क्वार्टर फाइनल में रूस को 4-3 से शिकस्त दी थी। जबकि अन्तिम 16 में डेनमार्क को 3-2 से हराया था। क्रोएिशया ने गु्रप डी में भी जीत के साथ शुरुआत की थी।
उन्होंने अपने पहले ही मैच में नाइजीरिया को 2-0 से हराया। हालांकि दूसरे मैच में उसे अर्जेंटीना के खिलाफ 0-3 से हार का सामना करना पड़ा।अन्तिम मैच में क्रोएशिया ने आइसलैंड को 2-1 से हराकर प्री- क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।