लाइव सिटीज डेस्क : भारत की हिमा दास ने गुरुवार को फिनलैंड के टेम्पेरे में जारी आईएएफ वर्ल्ड अंडर-20 चैंपियनशिप की महिलाओं की 400 मीटर स्पर्धा में स्वर्ण जीत कर इतिहास रचा. हिमा की इस ऐतिहासिक सफलता पर देशभर से बधाइयां मिल रही हैं. राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बधाई देते हुए कहा कि हिमा से अब ओलंपिक में पदक का इंतजार है. वहीं पीएम नरेंद्र मोदी ने बधाई देते हुए कहा कि यह जीत आने वाले समय में युवाओं को प्रेरित करेगी. बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने भी हिमा दास को बधाई दी है. उन्होंने लिखा है आईएएएफ विश्व अंडर-20 चैंपियनशिप में 400 मीटर स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने के लिए हिमा दास को बधाई. इस जीत से हम सभी गौरवान्वित हैं.
भारत की इस बेटी को देशभर से बधाईयां मिल रही
इसके साथ ही भारत की इस बेटी को देशभर से बधाईयां मिल रही है. नेता मंत्री, फिल्म और खेल जगत के सभी लोग हिमा को बधाई दे रहे हैं. बीजेपी प्रवक्ता शाहनवाज़ हुसैन, वाणिज्य मंत्री सुरेश प्रभु, रेल मंत्री पियूष गोयल, मनोज तिवारी, कांग्रेस, एक्टर फरहान अख्तर, एजाज़ खान, अमिताभ बच्चन, शत्रुघ्न सिन्हा, अर्जुन रामपाल, किरण खेर, सचिन तेंदुलकर, आदि हस्तियों ने ट्वीट कर हिमा दास का हसला बढ़ाया है.
आईएएएफ विश्व अंडर-20 चैंपियनशिप में 400 मीटर स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने के लिए हिमा दास को बधाई। इस जीत से हम सभी गौरवान्वित हैं। #HimaDas
— Nitish Kumar (@NitishKumar) July 13, 2018
हिमा ने बनाया है ये रिकॉर्ड
बता दें कि हिमा ने फिनलैंड के टेम्पेरे में खेले गए फाइनल में 51.46 सेकेंड का समय निकालते हुए जीत हासिल की. इसी के साथ वह इस चैंपियनशिप में सभी आयु वर्गो में स्वर्ण जीतने वाली भारत की पहली महिला बन गई हैं. वह भाला फेंक के स्टार खिलाड़ी नीरज चोपड़ा की सूची में शामिल हो गई जिन्होंने 2016 में पिछली प्रतियोगिता में विश्व रिकॉर्ड प्रयास के साथ स्वर्ण पदक जीता था. वह हालांकि इस प्रतियोगिता के इतिहास में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली ट्रैक खिलाड़ी हैं.
विश्व जूनियर चैंपियनशिप में भारत के लिए इससे पहले सीमा पूनिया (2002 में चक्का फेंक में कांस्य) और नवजीत कौर ढिल्लों (2014 में चक्का फेंक में कांस्य) पदक जीत चुके हैं. हिमा मौजूदा अंडर 20 सत्र में सर्वश्रेष्ठ समय निकालने के कारण यहां खिताब की प्रबल दावेदार थीं. वह अप्रैल में गोल्ड कोस्ट में हुए राष्ट्रमंडल खेलों की 400 मीटर स्पर्धा में तत्कालीन भारतीय अंडर 20 रिकॉर्ड 51.32 सेकेंड के समय के साथ छठे स्थान पर रही थी. इसके बाद गुवाहाटी में हाल में राष्ट्रीय अंतर राज्य चैंपियनशिप में उन्होंने 51.13 सेकेंड के साथ अपने इस रिकॉर्ड में सुधार किया.
यह भी पढ़ें : वर्ल्ड जूनियर एथलेटिक्स : गोल्ड जीत हिमा ने रचा इतिहास, तोड़ा पीटी उषा-मिल्खा का रिकॉर्ड
The post गोल्डन गर्ल हिमा की सफलता से देश गदगद, राष्ट्रपति-पीएम और सीएम नीतीश ने दी बधाई appeared first on Live Cities.