टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की पत्नी हसीन जहां ने अब अपना अलग रास्ता चुन लिया है. पति पर गंभीर आरोप लगा चर्चा में आने वाली जहां अब अपने मॉडलिंग करियर को आगे बढ़ाने जा रही हैं. उन्होंने स्वाभिमानी जीवन जीने और अपनी 3 साल की बेटी के भविष्य को देखते हुए यह कदम उठाया है. गौरतबल है कि चार महीने पहले हसीन जहां ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी.
हसीन जहां ने शमी और ससुराल के लोगों पर बेवफाई, हत्या के प्रयास और मेरिटल रेप के आरोप लगाए. इन आरोपों की जांच चल रही है, लेकिन इस बीच उनकी वित्तीय हालत खराब हो गई और शहर भी छोड़ना पड़ा. उन्होंने हर महीने पति से 10 लाख रुपये गुजारा भत्ता के लिए कोर्ट का भी रुख किया.

एक प्रोफेशनल मॉडल और कोलकाता नाइट राइडर्स की पूर्व चीयरलीडर, हसीन जहां ने 2014 में शमी से शादी करने के बाद मॉडलिंग छोड़ दी थी. इस बारे में हसीन जहां ने कहा, ‘मैंने अपना करियर, अपनी पसंद और अपने सपनों को शमी के लिए छोड़ दिया था, क्योंकि उसे मेरा काम पसंद नहीं था. अब जब उसने मुझे धोखा दिया है, तो मैं पुरानी शोहरत और करियर को वापस पाने की कोशिश कर रही हूं.’ मॉडलिंग से जुड़े कामों को लेकर इन दिनों हसीन जहां का मुंबई और कोलकाता के बीच आना जाना लगा रहता है.
उन्होंने 2 महीने पहले पुराने दोस्तों से संपर्क साधना शुरू किया. जहां ने कहा, ‘पहले तो मुझे पुराने दोस्तों को कॉल करने में संकोच हुआ, लेकिन मुझे अपनी बेटी के अच्छे भविष्य के लिए काम करना है और मेरे पुराने दोस्तों ने मदद की”.
मॉडलिंग के अलावा वह एक्टिंग की दुनिया में भी कदम रखने की तैयारी कर रहीं हैं. इसके लिए क्रिकेटर की पत्नी ने शॉर्ट फिल्मों से शुरुआत की है। उन्होंने एक 8 मिनट की मर्डर मिस्ट्री फिल्म ‘स्क्रिप्ट‘ में भी काम किया है.
The post बेटी को पालने के लिए फिर से मॉडलिंग की दुनिया में हसीन जहां ने रखा कदम appeared first on SportzWiki Hindi.