इंटरनेट डेस्क। आपने कई बार रेस्टोरेंट में अपना पसंदीदा भोजन करते समय यह महसूस किया होगा कि आप उस डिश का टेस्ट बेहतर बना सकते थे। फ़ूड ब्लॉगर एक ऐसा करियर है जो कि आपको अपनी हॉबी और पैशन पूरा करने में मदद करता है। अगर आपको कुकिंग का शौक है और साथ ही लिखना भी पसंद है तो आप खाने के साथ किये गए अपने प्रयोगों के बारे में लोगों को बता सकते है।
इन दिनों फ़ूड ब्लॉगर के रूप में करियर बनाने में काफी तेजी आई है क्योंकि यह सोशल मीडिया और टेक्नोलॉजी से संबंधित है। हालाँकि नाम सुनकर आपको यह काफी ग्लैमरस और आसान काम लग सकता है लेकिन वास्तव में यह काम भी दूसरे कामों की तरह बहुत मुश्किल है। आप इस तरह से फ़ूड ब्लॉगर के रूप में अपना करियर बना सकते है।
फ़ूड ब्लॉगिंग में करियर बनाने के लिए निर्धारित योग्यता मानदंड जैसी कोई चीज़ नहीं है। हालाँकि इसके लिए भोजन और लेखन में आपकी रूचि होना बहुत महत्वपूर्ण है। इसके अलावा, किसी भी बारे में ब्लॉगिंग करते समय एक बात का ख़ास ध्यान रखें कि इसका सारा कंटेंट आपका खुद का होना चाहिए।
अगर ब्लॉगिंग की बात करें तो इसके लिए कंप्यूटर का बेसिक और इंटरनेट का ज्ञान होना चाहिए। इसके अलावा चूँकि आप इस फील्ड में अपने द्वारा तैयार की डिशेज़ की बात करेंगे इसलिए यह जरुरी है कि आप उन डिशेज़ की स्पष्ट और अच्छी तस्वीरें लें। इसके लिए आपको थोड़ा बहुत फोटोग्राफी का ज्ञान भी होना चाहिए। इसका ज्ञान आपके ब्लॉगिंग के अनुभव को और भी अच्छा बना सकता है।
आपका ब्लॉग अन्य लोगों से अलग और किसी चीज़ पर केंद्रित होना चाहिए। इसके अलावा आप इसके लिए एक वेबसाइट भी बना सकते है जिसकी मदद से ज्यादा से ज्यादा लोग आपसे जुड़ सकते है।
सभी अन्य पेशों की तरह ही इस फील्ड में भी नेटवर्किंग बहुत जरुरी होती है। दूसरे फ़ूड ब्लॉगर्स के साथ सम्पर्क में रहने से ना केवल आपको उनके ब्लॉग्स में नजर आने का मौका मिल सकता है बल्कि आपके ब्लॉग्स की पहुंच भी ज्यादा लोगों तक हो सकती है।
फ़ूड ब्लॉगिंग करते समय आपको सिर्फ एक सरल लेकिन आकर्षक कथन के साथ, अपनी डिश की एक वास्तविक और अच्छी दिखने वाली तस्वीर पोस्ट करनी है। इसके अलावा आप अपनी वेबसाइट का प्रमोशन भी कर सकते है। इस तरह से सोशल मीडिया दुनिया को आपके कौशल के बारे में जानने का सबसे अच्छा तरीका हो सकता है।
Herald