Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

बुमराह की जगह वनडे मैचों के लिए शार्दुल ठाकुर टीम में शामिल

नई दिल्ली
 इंग्लैंड दौरे पर चोट के कारण ट्वंटी 20 सीरीज से बाहर हुए तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह मेजबान टीम के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज से भी बाहर हैं जिनकी जगह अब शार्दुल ठाकुर को टीम में लिया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इसकी घोषणा की। चयनकर्ताओं ने मध्यम तेज गेंदबाज ठाकुर को 12 जुलाई से शुरू होने जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारत की 16 सदस्यीय टीम में शामिल किया है।

बीसीसीआई ने जारी बयान में कहा, ''अखिल भारतीय सीनियर चयन समिति ने ठाकुर को बुमराह की जगह भारत की वनडे टीम में शामिल किया है।'' बोर्ड ने कहा, ''बुमराह की चार जुलाई को लीड्स में सर्जरी हुयी है जिसके बाद वह स्वदेश वापिस लौट आए हैं। उनकी सर्जरी काफी सफल रही है और वह बीसीसीआई की मेडिकल टीम के मार्गदर्शन में रिहैबिलिटेशन से गुजरेंगे।''

बुमराह को आयरलैंड के खिलाफ डबलिन में पहले ट्वंटी 20 के दौरान अंगूठे में चोट लग गयी थी जिसके कारण उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ ट्वंटी 20 सीरीज से बाहर होना पड़ा था। दीपक चाहर को उनकी जगह मौजूदा ट्वंटी 20 सीरीज में शामिल किया गया है। भारत और इंग्लैंड के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज के मैच 12 जुलाई को नॉटिंघम, लंदन में 14 जुलाई को और 17 जुलाई को लीड्स में खेले जाएंगेे।

वनडे टीम इस प्रकार है- विराट कोहली(कप्तान), शिखर धवन, रोहित शर्मा, लोकेश राहुल, श्रेयस अय्यर, सुरेश रैना, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर),दिनेश कार्तिक, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, शार्दुल ठाकुर,हार्दिक पांड्या, सिद्धार्थ कौल, उमेश यादव।