Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

पाकिस्तानी क्रिकेटर अहमद शहजाद डोप टेस्ट में फेल: पीसीबी

लाहौर
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि उसके सलामी बल्लेबाज अहमद शहजाद ही वह खिलाड़ी हैं, जो हाल ही में डोप टेस्ट में फेल हुए थे। वेबसाइट ईएसपीएन क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, पीसीबी ने अब इस मामले में शहजाद को नोटिस जारी किया है और उन्हें 14 दिनों के अंदर जवाब देने को कहा है। 
 
शहजाद के नमूने का टेस्ट अप्रैल के आखिरी सप्ताह में फैसलाबाद में 50 ओवर के घरेलू टूर्नमेंट के दौरान लिया गया था। लेकिन टेस्ट पॉजिटिव की खबर 20 जून को मीडिया में आई थी और पीसीबी ने ट्वीट कर एक खिलाड़ी के टेस्ट में फेल होने की पुष्टि की थी। बोर्ड ने हालांकि उस समय खिलाड़ी का नाम नहीं बताया था और कहा था कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की नियमानुसार, जब तक सरकार की ऐंटी-डोपिंग एजेंसी की तरफ से इसकी पुष्टि नहीं हो जाती है तब तक उस खिलाड़ी का नाम उजागर नहीं किया जा सकता। 

नोटिस मिलने के बाद शहजाद अब अस्थायी रूप से निलंबित होंगे और किसी भी अंतरराष्ट्रीय तथा राष्ट्रीय क्रिकेट बोर्ड या उसके संबद्ध सदस्यों द्वारा आयोजित मैचों में नहीं खेल सकते हैं। उन्हें हाल में जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया था। शहजाद अब अपने बी नमूने की जांच के लिए कह सकते हैं और अगर उनका टेस्ट पॉजिटिव नहीं पाया जाता है तो तत्काल प्रभाव से उन पर से निलंबन हटा लिया जाएगा। इसके अलावा वह नोटिस मिलने के 14 दिन के अंदर एंटी-डोपिंग ट्रिब्यूनल में भी लिखित में सुनवाई का अनुरोध कर सकते हैं।