Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

सचिन, रोहित और गेल जैसे दिग्गज बल्लेबाजों के क्लब में शामिल हुआ पाक का ये युवा बल्लेबाज

खेल डेस्क। पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज फखर जमां एकदिवसीय क्रिकेट में दोहरा शतक लगाकर भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर, रोहित शर्मा, वीरेन्द्र सहवाग, वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल और न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल जैसे दिग्गजों की सूची में शामिल हो गए हैं। फखर जमां वनडे में दोहरा शतक लगाने वाले विश्व के छठे बल्लेबाज बन गए हैं।

जिम्बाब्वे के खिलाफ पांच मैचों की वनडे शृंखला के चौथे मैच में फखर जमां ने नाबाद 210 रन की शतकीय पारी खेली। इसकी बदौलतन पाकिस्तान निर्धारित ओवरों में एक विकेट पर 399 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने में सफल रही।फखर जमां की पाकिस्तान की ओर से एक दिवसीय क्रिकेट में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी है। इससे पहले सईद अनवर ने भारत के खिलाफ 194 रन की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेली थी।

मैच के दौरान सलामी बल्लेबाज फखर जमां ने इमाम उल हक (113) के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 304 रन की साझेदारी कर विश्व रिकॉर्ड बनाया। पाकिस्तान के इन दोनों सलामी बल्लेबाजों ने इस साझेदारी की बदौलत एकदिवसीय क्रिकेट का 12 साल पुराना श्रीलंका के सनथ जयसूर्या और उपुल थरंगा की जोड़ी का विश्व रिकॉर्ड ध्वस्त किया है। इस जोड़ी ने जुलाई 2006 में लीड्स में पहले विकेट के लिए 286 की साझेदारी की थी।

वैसे एकदिवसीय क्रिकेट में सबसे बड़ी साझेदारी का विश्व रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के क्रिस गेल और मार्लन सैम्युअल्स के नाम पर दर्ज है। इन दोनों बल्लेबाजों ने 2015 में जिम्बाब्वे के 372 रन की साझेदारी की थी।चौथे मैच में पाकिस्तान ने जिम्बाब्वे को 244 रन के विशाल अंतर से शिकस्त दी थी। इस मैच में बाद मेें बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे टीम 42.4 ओवर में 155 रन पर ही आउट हो गई थी।

गौरतलब है कि एकदिवसीय क्रिकेट में पहला दोहरा शतक भारत के सचिन तेंदुलकर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगाया था। इसके बाद भारत के ही रोहित शर्मा तीन बार ये उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। जबकि वीरेन्द्र सहवाग, क्रिस गेल और मार्टिन गुप्टिल एक-एक बार वनडे में दोहरा शतक लगा चुके हैं।