खेल डेस्क। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के दोस्त और बाएं हाथ के पूर्व भारतीय बल्लेबाज विनोद कांबली एक बार फिर से विवाद में फंस गए हैं।
इस बार विनोद कांबली और उनकी पत्नी एंड्रिया के खिलाफ मुंबई के एक परिवार ने मारपीट का आरोप लगाकर पुलिस में मामला में दर्ज करवाया है। हालांकि इस संबंध में पूर्व भारतीय क्रिकेटर द्वारा क्रॉस मामला दर्ज कराने की बात सामने आई है।
मुंबई के एक परिवार द्वारा दर्ज करवाए गए मामले के अनुसार, मुंबई के क्रिकेटर विनोद कांबली और उनकी पत्नी एंड्रिया ने मिलकर 58 साल के एक व्यक्ति के साथ मारपीट की। रविवार दोपहर मुंबई के एक मॉल में राजेंद्र कुमार नाम के एक व्यक्ति का हाथ कांबली की पत्नी को छू गया। ये विनोद कांबली को इतना बुरा लगा कि उसने इस व्यक्ति को घूंसा मार दिया।
राजेंद्र कुमार के बेटे अंकुर ने बताया कि जब उनके पिता ने उन्हें इस घटना की जानकारी दी तो इसके बाद मैं मामला सुलझाने के लिए विनोद कांबली के घर पहुंचा। यहां पर कांबली ने मेरे साथ दुव्र्यहार किया। उसने मुझे धक्का देकर गालियां दी।
वहीं कांबली की पत्नी तो अपनी सैंडिल से मुझे पीटने के लिए तैयार खड़ी थीं। कांबली दम्पत्ति के इस तरह के व्यवहार के बाद ही हमने बांगुर नगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करवाया है। इस संबंध में भारतीय टेस्ट क्रिकेटर विनोद कांबली ने कहा कि उस व्यक्ति ने मेरी पत्नी के साथ गलत व्यवहार किया। मुझे उसके खिलाफ मामला दर्ज करना चाहिए।
भारत की ओर से सौ से अधिक वनडे खेले चुके कांबली ने बताया कि उस व्यक्ति ने मेरी पत्नी को गलत तरीके से छुआ। मैंने पुलिस को इस मामले में ट्वीट किया है। हम इस मामले में फॉलो अप करेंगे। विनोद कांबली और उनकी पत्नी एंड्रिया को इससे पहले भी विवाद का सामना करना पड़ा था। साल 2015 में भी उनकी एक नौकरानी ने कांबली दम्पत्ति के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था।
गौरतलब है कि विनोद कांबली द्वारा एक टीवी चैनल पर दिए गए बयान के बाद उनका सचिन तेंदुलकर के साथ भी मनमुटाव हो गया था। जिसके बाद दोनों ने एक दूसरे से दूरियां बना ली थी। आखिर अब लम्बे समय बाद सचिन और कांबली के रिश्तों में सुधार होने लगा है।