Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

एशियाड हाकी स्पर्धा में हांगकांग के खिलाफ अभियान शुरू करेगी भारतीय टीम

नयी दिल्ली 
भारतीय टीम इंडोनेशिया में होने वाले 18 वें एशियाई खेलों की पुरूष हाकी स्पर्धा में 22 अगस्त को हांगकांग के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। भारत को पुरूष स्पर्धा में पूल ए में कोरिया, जापान, श्रीलंका और हांगकांग के साथ रखा गया है जबकि पूल बी में मलेशिया, पाकिस्तान, बांग्लादेश, ओमान, थाईलैंड और मेजबान इंडोनेशिया शामिल हैं। भारतीय टीम इसके बाद 24 अगस्त को जापान से भिड़ेगी , जिसके बाद उसका सामना कोरिया (26 अगस्त) और श्रीलंका (28 अगस्त) से होगा। भारतीय महिला टीम को पूल बी में गत चैम्पियन कोरिया , थाईलैंड , कजाकस्तान और इंडोनेशिया के साथ रखा गया है। पूल ए में चीन , जापान , मलेशिया , हांगकांग चीन और चीनी ताइपे मौजूद हैं। 

महिला टीम 19 अगस्त को मेजबान इंडोनेशिया से पहला मैच खेलेगी। इसके बाद उसका सामना कजाकस्तान (21 अगस्त), कोरिया (25 अगस्त) और थाईलैंड (27 अगस्त) से होगा। एशियाई खेलों की हाकी स्पर्धा के इतिहास में पहली बार इतनी सारी टीमें भाग ले रही हैं। 14 देशों से 21 टीमें पुरूष और महिला वर्ग में भाग लेंगी , इससे 14 दिन में 60 मैच खेले जायेंगे। पुरूष और महिला वर्गों की विजेता टीम तोक्यो 2020 ओलंपिक खेलों के लिये क्वालीफाई कर लेगी। सभी मैच जकार्ता में गेलोरा बंग कार्नो खेल परिसर में खेले जायेंगे। पुरूषों के 25 और महिलाओं के 20 मैचों के बाद क्लासिफिकेशन चरण 29 अगस्त को शुरू होगा। महिलाओं का फाइनल 31 अगस्त को जबकि पुरूष फाइनल एक सितंबर को खेला जायेगा। एशियाई खेलों के इस चरण में पहली बार वीडियो रैफरल प्रणाली भी पदार्पण करेगी।